कोण्डागांव

भाजपा पर अब कोई नहीं करते हैं भरोसा, क्योंकि कांग्रेस है भरोसे की सरकार - शैलजा
25-Oct-2023 8:58 PM
भाजपा पर अब कोई नहीं करते हैं भरोसा, क्योंकि कांग्रेस है भरोसे की सरकार - शैलजा

भाजपा के पूर्व पार्षद समेत 16 लोगों ने कांग्रेस का हाथ थामा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के तहत आगामी 7 नवंबर को बस्तर संभाग की 12 सीटों में मतदान होना है। ऐसे में कांग्रेस व भाजपा के बड़े नेताओं का बस्तर दौरा भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को केशकाल विधानसभा क्षेत्र के जोन, सेक्टर बूथ और संगठन के कार्यकर्ताओं में जोश भरने छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी की प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी  चन्दन यादव, विजय जांगिड़ समेत कई बड़े नेता केशकाल पहुंचे थे। 

यहां स्थानीय प्रत्याशी संतराम नेताम के नेतृत्व में सभी नेताओं का जोशीला स्वागत हुआ। ततपश्चात सैलजा ने कांग्रेस कार्यालय में बूथ, जोन, सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें सम्बोधित किया। 

इस दौरान कुमारी शैलजा ने कहा कि 15 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने केवल छत्तीसगढ़ के लोगों को लूटने का काम किया है। 2018 में प्रदेश की जनता ने उन्हें आईना दिखाया और सत्ता से उखाड़ फेंकते हुए कंग्रेस की सरकार बनाई। पिछले पांच वर्षों में जिस प्रकार से केशकाल विधानसभा में आप लोगों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया। उसी का परिणाम है कि आज जनता ने कांग्रेस सरकार पर भरोसा जताया है। 

मीडिया से हुई बातचीत में शैलजा ने बताया कि जिस प्रकार से पिछले चुनाव में हमने बस्तर संभाग को पूरी तरह भाजपा मुक्त कर 12 में से 12 सीटों पर जीत हासिल किया था। उसी प्रकार इस बार भी जनता को जोश देखते हुए बस्तर की सभी सीटों पर कांग्रेस का ही कब्जा होगा। क्योंकि भाजपा ने किसानों से वादा किया था लेकिन 2 साल तक बोनस नहीं दिया, वहीं कांग्रेस सरकार ने 2018 में किसानों का खर्च माफी का वादा किया जिसे पूरा किया, अब फिर से वादा किए हैं उसे भी पूरे करेंगे क्योंकि कांग्रेस भरोसे की सरकार है। 

28 को फरसगांव पहुचेंगे राहुल गांधी
उन्होंने बताया कि आगामी 28 अक्टूबर को केशकाल विधानसभा के फरसगांव में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आने वाले हैं। जिसके लिए तैयारियां भी शुरु कर दी गई हैं। कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के समक्ष भाजपा के पूर्व पार्षद अनीस मेमन, मो. हनीफ समेत 16 लोगों ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा व विधायक संतराम नेताम से प्रभावित होकर कांग्रेस का दामन थामा है। जिन्हें शैलजा व कांग्रेस जिलाध्यक्ष झुमुकलाल दिवान ने कांग्रेस का गमछा पहनाकर स्वागत किया। 

इस दौरान राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, पीसीसी संगठन महामंत्री मलकीत गैदु, रवि घोष, सगीर कुरैशी, झुमुकलाल दीवान समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news