रायपुर

कांग्रेस को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं-नड्डा
29-Oct-2023 4:08 PM
कांग्रेस को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं-नड्डा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अक्टूबर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को छत्तीसगढ़ में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस को राज्य में सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है।

प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम को सुनने के बाद नड्डा रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अमलीडीह क्षेत्र में ‘बूथ विजय संकल्प अभियान’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने बूथ के प्रत्येक घर में जाएं और लोगों को अगले महीने होने वाले चुनाव में वोट डालने के लिए प्रेरित करें।

नड्डा ने कहा, ‘भूपेश बघेल की भ्रष्ट, अक्षम, अविश्वसनीय और अकल्पनीय सरकार हम देख रहे हैं। अविश्वसनीय इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि क्या आपने कभी किसी मुख्यमंत्री के सचिव को वर्षों तक जेल में बंद देखा है। जब माथे पर भ्रष्टाचार लिखा हो, तो किसी को क्या सबूत चाहिए।’ उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या ऐसी भ्रष्ट सरकार को सत्ता में रहना चाहिए।

नड्डा राज्य काडर की एक अधिकारी सौम्या चौरसिया का जिक्र भी किया। नड्डा ने सवाल किया, ‘इस (कांग्रेस) सरकार ने युवाओं को धोखा दिया है या नहीं? क्या महिलाओं को 500 रुपये (प्रति माह) मिलते हैं? शराब घोटाला हुआ या नहीं? भूपेश बघेल ने शराबबंदी का वादा किया था। इस पर रोक लगाने के बजाय उन्होंने घोटाला कर दिया। उन्होंने पीएससी भर्ती में घोटाला किया। यहां तक कि गाय और गोबर को भी नहीं बख्शा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसी भ्रष्ट सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर लोगों से संपर्क करने का निर्देश दिया।

नड्डा ने कहा, ‘आप सभी को लोगों से अनुरोध करना चाहिए कि वे अपना वोट अवश्य डालें और आपको उन्हें इसके लिए प्रेरित करना है।’ उन्होंने कहा, वे (मतदाता) आपके पक्ष में वोट करें या न करें, लेकिन लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए आप सभी को उनसे वोट करने का आग्रह करना चाहिए। रायपुर ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र उन 70 सीटों में शामिल है, जहां दूसरे चरण में मतदान होगा। पहले चरण में 20 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

स्थानीय मुद्दों को ही उठाएं, चंद्रयान, जी-20 नहीं

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रायपुर  जिले के विधानसभा कोर गप की बैठक  एकात्म परिसर में ली।रायपुर सांसद सुनील सोनी विधानसभा के प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत मोतीलाल साहू पुरंदर मिश्रा सहित वरिष्ठ जन मौजूद रहे। बैठक में उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रचार अभियान में स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच उठाएं। न की चंद्रयान, जी-20 जैसे मुद्दे। क्योंकि जनता को इनसे उतना सरोकार नहीं है। हर बूथ विजय संकल्प अभियान की शुरूआत की। इसके तहत कार्यकर्ता हर बूथ के एक एक मतदाता से संपर्क करेंगे। और हर घर में पार्टी के झंडे लगाएंगे।नड्डा ने कहा कि मतदाता आपको वोट दे न दें ,लेकिन लोकतंत्र के सम्मान के लिए मतदान का आग्रह करें।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news