रायपुर

15 नवम्बर तक कांग्रेसी जनता के बीच रहेंगे
29-Oct-2023 4:11 PM
15 नवम्बर तक कांग्रेसी जनता के बीच रहेंगे

 झूठ के विरुद्ध लड़ाई , टाउनहाल जैसे अभियान  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अक्टूबर।  प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान प्रबंध समिति ने  कांग्रेसजनों को 15 नवंबर तक लगातार जनता के मध्य सक्रिय रखने आठ सूत्रीय कार्यक्रम तय किया है। प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला व ब्लाक कांग्रेस व मोर्चा संगठनों को पत्र जारी कर दिया है।  

इनमें संवाद अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्ग व समुदायों को कांग्रेस के साथ खड़ा करने उनके मध्य जीवंत उपस्थिति दर्ज करवायी जायेगी।

 हर घर कांग्रेस अभियान के जरिए हर घर पहुंचकर कांग्रेस सरकार की नीतियों, योजनाओं व निर्णयों तथा राज्य सरकार के प्रयास से आम जनता को मिले व्यक्तिगत लाभ से संबंधित सामग्रियों का प्रत्यक्ष वार्तालाप कर वितरण किया जायेगा।

विकास और विश्वास- कांग्रेस का साथ-इस अभियान के माध्यम से सभी वरिष्ठ कांग्रेजन एक जुट होकर जनता मध्य कांग्रेस और विश्वास एक दूसरे के पूरक हैं को समझायेंगे।

झूठ के विरुद्ध लड़ाई-झूठ से लड़ाई का यह अभियान चुनाव पूरा होने तक लगातार कांग्रेस के विधिक प्रकोष्ठ के सहयोग से भाजपा के  फैलाये जाने वाले झूठ के विरुद्ध चलाया जायेगा है।

जन जागृति व विश्वास अभियान- 2018 में कांग्रेस को क्षेत्रों में पराजय का सामना करना पड़ा था, उन सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस की विजय सुनिश्चित करने यह कार्यक्रम वरिष्ठ नेताओं व स्टार प्रचारकों की उपस्थिति में किए  जायेंगे।

महिला आक्रोश व जागृति अभियान यह अभियान दो बिंदुओं महंगाई विषय पर महिला आक्रोश व्यक्त कर तथा प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों व कार्यों के लिये महिला अभिनंदन अभियान चला कर किया जायेगा।

 युवा चेतना अभियान- यह अभियान भी दो बिंदुओं पर चलाया जायेगा। पहला - भाजपा सरकार द्वारा युवाओं से किये जा रहे छल के विरुद्ध युवाओं के माध्यम से निंदा अभियान तथा दूसरा - प्रदेश सरकार के द्वारा युवा कल्याण व रोजगार की दिशा में किये गये कार्यों के समर्थन में धन्यवाद अभियान चलाकर किया जायेगा।

टाउन हाल (पॉकेट मीटिंग्स) - प्रत्येक जिले में जो समाज में अपना विशिष्ठ स्थान रखते हैं की छोटी छोटी मीटिंग करवाकर उन्हे कांग्रेस के पक्ष में करने का अभियान चलाया जाना है।

 बिस्सा ने बताया कि इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए समिति की बैठक में कल व्यापक चर्चा हुई। बैठक पश्चात राष्ट्रीय प्रभारी व छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुश्री सैलजा ने कार्यक्रमों की समीक्षा कर उनकी रुपरेखा पर मार्गदर्शन किया।  बैठक में मलकित गैंदू, राजेश बिस्सा, अमित पांडे, अशोक राज आहूजा, मुरारी गौड़, दीपक मिश्रा, डॉ राकेश गुप्ता, राजेंद्र जग्गी, समीर पांडे, विकास शुक्ला, संजय सिंह ठाकुर, दिलीप चौहान, सद्दाम सोलंकी, शेखर शर्मा, राजेश चौबे, हसन खान, मयंक तिवारी, जीशान इत्यादि शामिल हुए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news