रायगढ़

पांच साल बाद विधायक हुए लखपति से करोड़पति, संपत्ति में हुआ दो से तीन गुना इजाफा
29-Oct-2023 10:42 PM
पांच साल बाद विधायक हुए लखपति से करोड़पति, संपत्ति में हुआ दो से तीन गुना इजाफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 अक्टूबर।
कहते हैं कि राजनीति में जो चमक जाये तो उसकी चमक इतनी बढ़ जाती है कि दूर से ही वह सबसे अलग आम और खास हो जाता है। साथ ही साथ एक बार विधायक बनने के बाद व्यक्ति वीआईपी हो जाता है। सक्सेस के कारण उसकी शोहरत की तरह संपत्ति को भी पंख लग जाते हैं। देखते ही देखते कई गुना इजाफा हो जाता है। ऐसा ही हुआ है धरमजयगढ़ विधानसभा में लगातार दो बार चुनकर आ रहे लालजीत सिंह राठिया की स्थिति में बहुत बड़ा बदलाव आया है। 2018 में वे लखपति थे लेकिन अब करोड़पति हो गए हैं। 

धरमजयगढ़ विधानसभा में कांग्रेस से लगातार दो बार जीतकर आ रहे लालजीत ंसिंह राठिया की संपत्ति में जमकर उछाल आया है। जानकारी के अनुसार 2018 के शपथ पत्र में उन्होंने अपनी चल संपत्ति 9.40 लाख बताई थी जबकि अचल संपत्ति करीब दो लाख मूल्य की थी। दस सालों में लालजीत धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनते आ रहे हैं और इस बार तीसरी पारी खेलने के लिये मैदान में उतरे हैं।

एक अन्य जानकारी के अनुसार शुरूआत के समय उनके नाम पर करीब 16 एकड़ जमीन थी। इसके बाद 2023 में हालात एकदम से बदल गए जिसमें उनकी जमीन केवल दोगुनी हो गई बल्कि संपत्ति भी लगातार बढ़ते चली गई। उनके नामांकन के दौरान भरी गई जानकारी के अनुसार अब उनकी चल संपत्ति जिसमें नकदी, गहने आदि हैं, वह करीब 40 लाख रुपए की है। वहीं अचल संपत्ति करीब डेढ़ करोड़ की हो गई है।

 अचल संपत्ति में उनकी 47 एकड़ जमीन है। लालजीत ने अपना पेशा कृषि और मछली पालन बताया है। 2023 में उनकी कुल संपत्ति करीब दो करोड़ की है जो 2018 में मात्र 15 लाख थी। उनको चुनौती देने वाले भाजपा प्रत्याशी हरिश्चंद्र राठिया के पास अचल संपत्ति तो है लेकिन चल संपत्ति के मामले में वे बहुत पीछे हैं। हरिश्चंद्र राठिया के पास 19 लाख की चल संपत्ति है और 44.55 लाख की अचल संपत्ति। इनके पास करीब 37 एकड़ जमीन है।

स्कॉर्पियो वाहन लालजीत की पहली पसंद  
अपने विधानसभा क्षेत्र धरमजयगढ़ क्षेत्र से नामांकन के दौरान जमा किये गए शपथ पत्र में एक दिलचस्प जानकारी यह भी मिली है। लालजीत सिंह राठिया के पास 2018 में एक स्कॉर्पियो गाड़ी थी जिसकी कीमत करीब आठ लाख बताई गई थी। अब उनके पास दो गाडिय़ां हैं और दोनों ही स्कॉॅर्पियो ही हैं। एक गाड़ी 2019 में 19.50 लाख में और दूसरी 2020 में 13.84 लाख में खरीदी गई है। इसे देखकर लगता है कि लालजीत को केवल एक ही गाड़ी से प्रेम है वह है स्कार्पियो।

कर्जदार भी हैं विधायक लालजीत राठिया
2018 में कांग्रेस पार्टी ने किसानों का केसीसी लोन माफ करने की घोषणा की थी। तब लालजीत सिंह राठिया के नाम पर 14.70 लाख का लोन था जिसमें से एसबीआई धरमजयगढ़ से 8.16 लाख केसीसी था। 2023 में भी कांग्रेस ने लोन माफ करने की घोषणा की है और इस बार लालजीत के नाम पर 93 लाख का कुल कर्ज है, जिसमें वाहन और हाउसिंग लोन भी है। इस बार भी लालजीत के नाम पर 6.52 लाख रुपए केसीसी लोन है। जबकि इसके ठीक विपरीत उनके खिलाफ चुनाव लड रहे भाजपा प्रत्याशी हरिश्चंद्र राठिया ने भी खेती के लिए 19.80 लाख का केसीसी लोन है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news