राजनांदगांव

बोधिनटोला मुठभेड़ में नक्सलियों के घायल होने की आशंका
17-Dec-2023 1:12 PM
बोधिनटोला मुठभेड़ में नक्सलियों के घायल होने की आशंका

महाराष्ट्र पुलिस के साथ दो दिन पहले हुई थी मुठभेड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 17 दिसंबर।
महाराष्ट्र की गढ़चिरौली पुलिस के साथ दो दिन पहले हुए मुठभेड़ में नक्सलियों को जबर्दस्त नुकसान पहुंचा है। इस घटना में दो नक्सली मारे गए, वहीं तीन से चार नक्सलियों के घायल होने की अपुष्ट सूचना सामने आ रही है।


मोहला-मानपुर जिले की सीमा से करीब 10 किमी दूर बोधिनटोला के जंगल में गढ़चिरौली की सी-60 के जवानों ने बैठक कर रहे नक्सलियों को घेरकर समर्पण की चेतावनी दी। नक्सलियों ने पुलिस फोर्स पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस के हाथों दो नक्सली मारे गए, वहीं कुछ नक्सली बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। घायल नक्सलियों की खोजबीन के लिए गढ़चिरौली पुलिस अब भी सीमा पर सर्चिंग अभियान चला रही है। 

इधर, मोहला-मानपुर एसपी रत्ना सिंह ने पूरे इलाके में जवानों को मुस्तैद कर दिया है। पुलिस नक्सलियों के जिले घुसपैठ की आशंका के चलते लगातार गश्त कर रही है। 
इस संबंध में एसपी रत्ना सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मुठभेड़ से जुड़ी कई जानकारियां सामने आ रही है। पुलिस सीमा पर तगड़ी सर्चिंग कर रही है।  बोधिनटोला इन्काउंटर में गढ़चिरौली पुलिस ने साल 2019 में हुए जाम्बुलखेड़ा नक्सल हमले के मास्टर माइंड को ढेर कर दिया, वहीं एक अन्य नक्सली का शव भी पुलिस को मिला। 

बताया जा रहा है कि नक्सलियों की आमदरफ्त को कमजोर करने के लिए मोहला-मानपुर पुलिस भी जोर लगा रही है। मारे गए नक्सलियों से लेकर घायल नक्सलियों के संबंध में पुलिस को कई तरह की सूचनाएं मिली है। मोहला-मानपुर के भीतरी जंगलों से लेकर सीमा पर जवानों की पैनी निगाह है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news