कोण्डागांव

जिले में पहली बार डॉग शो, लोगों में उत्साह
19-Dec-2023 9:20 PM
जिले में पहली बार डॉग शो, लोगों में उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 दिसंबर।
जिले में पहली बार आयोजित कोण्डागांव डॉग शो के प्रति लोगों में बहुत उत्साह दिखाई दिया। कोण्डागांव नगर में स्थित विकासनगर स्टेडियम में रविवार को संपन्न हुए कार्यक्रम में विभिन्न नस्लों के कुल 53 डॉग शामिल हुए, जिसमें जर्मन शेफर्ड, लैब्राडोर, गोल्डन रिट्रीवर, पग, पोमेरेनियन, स्पिट्ज, माल्टीज, बुल मस्टिफ, फ्रेंच मेस्टिफ, बीगल, स्चित्जु, बॉक्सर, सेंट बर्नार्ड, डॉबरमैन, अमेरिकन बुली, साइबेरियन हस्की, रॉट विलर सहित मिक्स ब्रीड व देशी डॉग ने हिस्सा लिया। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष नगर पालिका वर्षा यादव कार्यक्रम के अध्यक्ष उपाध्यक्ष नगर पालिका जसकेतु उसेंडी, कमांडेंट आईटीबीपी 41 बटालियन नरेंदर सिंह, एएसपी कोण्डागांव  दौलत राम पोर्ते, असिटेंट कमांडेंट वेट डॉ महिपाल सिंह, असिटेंट कमांडेंट एमओ डॉ. अक्षय राज पुरोहित की उपस्थिति में नगर पालिका, पशुधन विकास विभाग, जेसीआई कोण्डागांव स्टार एवं वी केयर पेट क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। 

नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र वाडेकर के आदेशानुसार दिनेश डे, संतोष साहू, कृष्ण पटेल द्वारा आवारा श्वान जन्म नियंत्रण हेतु लोगों को जागरूक कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने हेतु जन मानस से सुझाव आमंत्रित किए गए। पशुधन विकास विभाग से डॉ शिशिरकांत पांडे के आदेशानुसार डॉ आरती एवं डॉ रुचिका की टीम द्वारा रेबीज़ जागरूकता हेतु  नि:शुल्क रेबीज़ टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जेसीआई कोण्डागांव  स्टार एवं वी केयर पेट क्लिनिक द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित डॉग शो में उक्त नस्लों के श्वानो का प्रदर्शन सह प्रतियोगिता कराई गई।

प्रतियोगिता में 8 श्रेणियों में श्रेष्ठ 2 डॉग को पुरस्कृत कर उनके मध्य पुन: प्रतियोगिता उपरांत कोण्डागांव  के श्रेष्ठ डॉग का चयन किया गया। निर्णायक दल के प्रमुख पशुपालन महाविद्यालय के सेवानिवृत प्रोफेसर एवं छत्तीसगढ़ डॉग लवर्स एसोसिएशन के फाउंडर अध्यक्ष डॉ सुशोवन रॉय द्वारा छत्तीसगढ़ का प्रथम डॉग शो 1992 में भिलाई में करवाया गया था, उन्होंने बताया कि आज डॉग परिवार का अभिन्न अंग बन चुका है, अत: उसके व्यवहार व आदतों को समझ कर पालन करने पर उचित प्रबंधन बहुत आसान हो जाता है। निर्णायक दल के सदस्य प्रकाश राव, सन्नी तिवारी, के. नूतन प्रसाद द्वारा निर्धारित समय में डॉग शो संपन्न करवाकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। 

बोरगांव निवासी विवेक गोस्वामी के रॉट विलर डॉग को कोण्डागांव डॉग शो 2023 के श्रेष्ठ डॉग के रूप में पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान  पुलिस विभाग कोण्डागांव से एसपी अक्षय कुमार के आदेशानुसार मुकेश जोशी के मार्गदर्शन में राष्ट्र सेवा में समर्पित  4 डॉग पैनी, रॉकी, मन्नू और लियो द्वारा उनके डॉग मास्टर युवराज साहू, नंदलाल भारती, दुष्यंत साहू, सुखाऊ शोरी के निर्देशन में आकर्षक कमांडेड शो प्रस्तुत किया गया। जिससे कार्यक्रम में चार चांद लग गए। 

अध्यक्ष जेसीआई कोण्डागांव ने बताया कि जेसीआई व्यक्तित्व विकास द्वारा समाज सेवा हेतु कार्यरत एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसकी सदस्य इकाई के रूप में कोण्डागांव में फरवरी 2023 से कार्यरत है, अध्यक्ष जेसीआई कोण्डागांव 2024 हेतु चयनित डॉ. नीता मिश्रा द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में प्राय: घरों में डॉग एक सदस्य के रूप में पाला जाता है और उनके सोशलाइजेशन हेतु कार्यक्रम होने से ब्रीडिंग हेतु आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। 

डॉ. हितेश मिश्रा द्वारा डॉग के ब्रीड की जानकारी के साथ नियमित टीकाकरण एवं कृमिनाशक दवापान की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news