दुर्ग

फ्लावर शो, मैत्री बाग में फूलों से बनी मनमोहक कलाकृतियों के साथ सेल्फी लेते नजर आए पर्यटक
05-Feb-2024 3:55 PM
फ्लावर शो, मैत्री बाग में फूलों से बनी मनमोहक  कलाकृतियों के साथ सेल्फी लेते नजर आए पर्यटक

 3डी रंगोली ने मचाई धूम, 600 से अधिक प्रतिभागियों ने अलग-अलग कैटेगरी में दिखाई प्रतिभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 5 फरवरी। मैत्री बाग भिलाई में कल फ्लावर शो को लेकर खासा उत्साह दिखाई पड़ा। ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष भिलाई इस्पात संयंत्र मैत्री बाग में फरवरी में फ्लावर शो का आयोजन करता रहा है। बीच में दो वर्ष कोरोना के समय यह आयोजन बंद था और इस बार का आयोजन पिछले साल से भी ज्यादा बड़ा है। फ्लावर शो के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में आज लगभग छ: सौ प्रतियोगियों ने अलग-अलग वर्ग समूह में भागीदारी निभाई है।

ज्ञात हो कि मैत्री बाग के मोमबत्ती गार्डन में फ्लावर शो-2024 का आयोजन रविवार सुबह 9 बजे से किया गया। फ्लावर शो में मुख्य अतिथि बीएसपी के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता भी मौजूद रहे। फ्लावर शो का उद्घाटन शाम 4 बजे किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार के शुल्क का प्रावधान नहीं था, बल्कि यह पूर्णत: नि:शुल्क रहा।

कल सुबह 9 बजे से सभी प्रतियोगिताओं के लिए पंजीयन और प्रवेश प्रारंभ हो गया था। भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी विभाग की ओर से आयोजित फ्लावर शो में रंग-बिरंगे फूलों की सजावट के साथ ही आकर्षक कलाकृतियां बनाई गईं। मैत्री बाग पहुंचे प्रकृति प्रेमी और पर्यटकों के लिए उत्साह का माहौल रहा।

 फ्लावर शो के बीच पर्यटक फूलों से बने मनमोहक कलाकृतियों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। इस दौरान सलाद से भी आकर्षक डिजाइन बनाए गए, जो देखने में काफी अच्छे लग रहे थे। उद्यानिकी विभाग मैत्री बाग को अलग-अलग फूलों से सजाया गया था। यहां होने वाले प्रतियोगिता में बीएसपी और नॉन बीएसपी कैटेगरी में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस बार हुए फ्लावर शो में 3डी रंगोली विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। रंगोली आर्टिस्टों ने फूलों से अलग-अलग कलाकृति तैयार की। इस फ्लावर शो को देखने बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचे थे।

फ्लावर शो में प्रकृति और पर्यावरण प्रेमी नागरिकों को भाग लेने का अवसर हर बार की तरह इस बार भी दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिता में इस्पात नगरी के नागरिकों ने भाग लिया। फ्लावर शो के दौरान गमलों में लगे कैक्टस, बोनसाई, क्रोटन, फोलियेज और मौसमी पौधों सेवंती, डहेलिया, गुलाब सहित अन्य वेरायटी के फूलों को देखने का मौका मिला, इनकी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। फ्लावर शो के लिए हिरण, मोर, पैरट आदि के स्टैच्यू बनाए गए। इन्हें बनाने के लिए गेंदे के फूलों का इस्तेमाल किया गया जिसे देखने में काफी आकर्षक लग रहे थे। फ्लावर शो देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचे और अन्य दिनों की अपेक्षा फ्लावर शो के दौरान मैत्री बाग में आज भीड़ भी काफी रही। प्रबंधन ने पहले से इसके लिए विशेष व्यवस्था कर रखी थी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news