कोण्डागांव

खेल मैदान का होगा विकास, बच्चों को मिलेगी खेल सामग्री
08-Feb-2024 10:24 PM
खेल मैदान का होगा विकास, बच्चों को मिलेगी खेल सामग्री

कलेक्टर ने कुएंमारी में किया विकास कार्यों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 8 फरवरी। गुरुवार को अतिसंवेदनशील क्षेत्र ग्राम कुएंमारी में कोंडागांव कलेक्टर कुणाल दुदावत पहुँचे। इस दौरान विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार समेत जिला के अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने यहां स्कूल, छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्र, स्वास्थ्य केन्द्र और राशन दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में पहुंचकर बच्चों से बातचीत की और बच्चों से प्रिय विषय तथा लक्ष्य के संबंध में पूछा। बच्चों द्वारा गणित को सबसे प्रिय विषय बताए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं बच्चों द्वारा शिक्षक और सैनिक बनने की इच्छा जताए जाने पर भी उन्होंने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से पुछा कि उन्हें किन सामग्री की आवश्यकता है। बच्चों द्वारा बैडमिंटन, शतरंज, बॉलीबाल, फुटबॉल, टेलीविजन इत्यादि सामग्री की आवश्यकता बताने पर कलेक्टर ने तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने सभी बच्चों को मन लगाकर पढऩे और आगामी परीक्षाओं में अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे इस दुर्गम क्षेत्र में शिक्षा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक यह दायित्व पूरी लगन के साथ करें, जिससे इस क्षेत्र के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सके। उन्होंने शाला भवन में फर्श पर टाईल लगाने तथा विद्युतीकरण का कार्य 20 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान भोजन कक्ष का निरीक्षण करते हुए पकाए जा रहे मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक भोजन देने पर जोर दिया।

उन्होंने विद्यालय में ट्यूटर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने इसके साथ ही यहां संचालित छात्रावास का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सभी बच्चों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने के साथ ही खिड़कियों में जाली लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे बच्चे स्वस्थ रहें। उन्होंने यहां खेल मैदान का भी निरीक्षण किया और खेल मैदान के विकास के लिए प्रस्ताव देने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए। उन्होंने यहां बॉलीबाल, फुटबाल सहित स्थानीय खेलों को प्रोत्साहित करने हेतु आवश्यक अधोसरंचनाओं के निर्माण के लिए निर्देशित किया।

कलेक्टर ने यहां आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां संचालित योजनाओं से लाभान्वित हो रहे बच्चों और महिलाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यहां बच्चों और माताओं के लिए पकाए जा रहे भोजन के संबंध में जानकारी भी ली। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के संबंध में भी जानकारी ली।

उन्होंने यहां उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण तथा उपलब्ध स्टाक के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने राशन कार्ड नवीनीकरण कार्य की प्रगति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि जाति प्रमाण पत्र हेतु आवश्यक मिसल यहां प्रत्येक परिवार को नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यहां जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए इस माह तक कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां प्रत्येक पारे में विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने किसानों से क्षेत्र में लिए जा रहे फसल तथा सिंचाई की सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने यहां उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां बड़ी संख्या में सिकलसेल का जांच कराने पहुंची महिलाओं और बच्चियों से बातचीत की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों केा एनीमिया की जांच भी अनिवार्य रुप से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां प्रसव कक्ष को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news