राजनांदगांव

मोदी सरकार केन्द्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने में लगी
20-Feb-2024 3:01 PM
मोदी सरकार केन्द्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने में लगी

कांग्रेस के खातों को फ्रीज करवा रही केन्द्र सरकार, मोदी सरकार के खिलाफ एक दिवसीय प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 फरवरी।
केन्द्र सरकार के अडियल रवैये व हिटलरशाही के चलते विपक्ष की आवाज को लगातार दबाने का प्रयास किया जा रहा है। अब केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा बिना किसी वैध कारण के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय युवा कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज कर  एक क्रूर कदम उठाया है। जिसको लेकर शहर जिला व ग्रामीण कमेटी द्वारा आयकर कार्यालय के सामने रामदरबार चौक के पास कांग्रेसजनों द्वारा एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया गया।

सभा का संचालन करते शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि कांग्रेस द्वारा लगातार जनहितकारी मुद्दे व लोकतंत्र को बचाने आवाज उठा रही है, उस आवाज का दबाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी के तहत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय युवा कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। लोकसभा चुनावों से ठीक पहले उठाया गया है। जिससे हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की अखंडता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 

हमारे खातों को फ्रीज करना, हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी एक जबरदस्त हमला है। इस अलोकतांत्रिक कदम के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते राजनांदगांव मुख्यालय में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू के नेतृत्व में आयकर कार्यालय के पास रामदरबार चौक के निकट विरोध प्रदर्शन किया गया।

पूर्व मंत्री धनेश पाटिला ने कहा कि जिस तरह से आज देश में अलौकतांत्रिक तरीके से माहौल बनाया जा रहा है, वह गलत है। विपक्षी दलों के खातों को फ्रीज करना कहां का लोकतंत्र है। इससे साबित होता है कि भाजपा विपक्षी पाटियां के एक होने से भयभीत हो गई है और केन्द्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है।

इस दौरान शहर अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार तानाशाही करते भारत के संविधान से छेड़छाड़ कर रही है। चुनावी इलेक्टोरल बांड से कमाने वाली भाजपा हिटलरशाही अपनाते कांग्रेस के खातों को फ्रीज कर रही है। मोदी देश का विकास नहीं विनाश कर रही है। जिसका कांग्रेस घोर निंदा व विरोध करती है। 

जिला ग्रामीण अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि जब लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा नहीं लड़ पा रही है तो वे अपने अधीनस्थ एजेंसियों के माध्यम से हमारे नेताओं को डराने-धमकाने का प्रयास कर रही है। विरोध प्रदर्शन को पदम कोठारी, हेमा देशमुख, थानेश्वर पाटिला, मेहुल मारू, रमेश डाकलिया, माया शर्मा, योगेन्द्र प्रताप सिंह, गोवर्धन देशमुख, अंगेश्वर देशमुख, महेन्द्र यादव, अमित खंडेलवाल, अमित जंघेल, मनीष गौतम, जितेन्द्र कौशिक ने संबोधित किया।

धरना प्रदर्शन में कमलजीत सिंह पिन्टू, सुदेश देशमुख, अजय मारकंडे,  जयनारायण सिंह,  प्रकाश बाफना,  शारदा तिवारी,  विकास त्रिपाठी,  सविता ठाकुर,  मोहम्मद यहया,  झम्मन देवांगन,  नरेश शर्मा,  नासिर जिंदरान, अशोक फडनवीस, शकील रिजवी,  आफताब अहमद,  प्रज्ञा गुप्ता,  मो इब्राहिम,  मनीष साहू,  महेश साहू,  चंद्रकला देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल थे। आभार प्रदर्शन आसिफ अली ने किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news