कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 मार्च। कोण्डागांव जिला के विकासखंड फरसगांव अंतर्गत बारदा गांव के 62 वर्षीय कांडे राम नाग बुरी तरह से झुलस गए हैं। उन्हें कोण्डागांव के जिला अस्पताल में उदाखिल किया गया है। बताया जा रहा है कि, कांडे राम नाग आज सुबह अपने घर में अकेले थे और खाना पका रहे थे। इसी दौरान वे आग से झुलस गए हैं।
विकासखंड फरसगांव के बारदा गांव निवासी कांडे राम नाग अपने खेत वाले मकान में अकेले थे। यहां खाना बनाते हुए उनकी धोती में आग लग गई, जिससे वे बुरी तरह से झुलस गए।
आस पड़ोस के लोगों ने उन्हें देखा और तत्काल फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कोण्डागांव के जिला अस्पताल रेफर कर भेजा गया है।
जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉ बसंत तोड़े के अनुसार, कांडे राम नाग लगभग 76 प्रतिशत झुलस गए हैं, ऐसे में उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा जाना उचित होगा। लेकिन परिजन कोण्डागांव के जिला अस्पताल में ही उनका इलाज करवाना चाहते हैं।
जिला अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं होने से कांडे राम नाग के उपचार में तकनीकी दिक्कतें आ रही है। हालांकि उनका प्राथमिक उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।