राजनांदगांव
परीक्षा के अंतिम दिन शैक्षणिक संस्थानों में बिखरा रंग-गुलाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मार्च। होली पर्व के कुछ दिन पूर्व ही शैक्षणिक संस्थानों में रंग-गुलाल से त्यौहार का आगाज हो गया। परीक्षा समाप्ति के दिन कॉलेज और स्कूलों में विद्यार्थी रंग में डूब गए। रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां मनाई। आगामी 25 मार्च सोमवार को रंगोत्सव मनाया जाएगा। वहीं इससे एक दिन पहले 24 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा। हालांकि होलिका दहन के लिए गली-मोहल्लों में तैयारियां शुरू हो गई। बाजार में भी होली का रंग चढऩे लगा है। कारोबार के लिहाज से परंपरागत पिचकारी, शक्कर निर्मित माला, गुलाल-रंग की खरीदी में तेजी आ गई है। दुकानों में ग्राहकी बढ़ गई है। वहीं नगाड़े का कारोबार में उछाल आ गया है।
इधर शहर में परंपरागत फाग के गीत सुनाई दे रहे हैं। नगाड़ों की थाप के साथ फाग गीत लोगों को भाने लगा है। पर्व के मद्देनजर फाग प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। होलिका दहन शुभ मुहूर्त में करने की तैयारी है। इसके बाद रंगोत्सव पर्व का विधिवत रूप से आगाज होगा। बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने परीक्षा के बाद सहपाठियों के साथ रंग-गुलाल खेलकर आनंद उठाया। वहीं बच्चे शिक्षकों से आशीर्वाद भी लिया। वहीं विद्यार्थियों की टोली धमाचौकड़ी करती नजर आई। कॉलेज और स्कूलों में सहपाठियों ने रंग-गुलाल से एक-दूसरे को रंग दिया। आपस में रंग खेलते हुए सभी ने एक-दूसरे के साथ मस्ती की। स्कूलों में एक तरह से विद्यार्थियों ने रंग खेलकर माहौल को रंगमय कर दिया। शहर के ज्यादातर स्कूलों की परीक्षाएं खत्म हो गई। विद्यार्थियों ने रंग खेलने के लिए पहले से ही योजना बना ली थी। होली पर्व को लेकर घरों में भी अलग-अलग स्तर पर तैयारी चल रही है। पर्व के लिए सिर्फ तीन दिन का वक्त शेष रह गया है। अगले एक-दो दिन में बाजार में पर्व की खरीददारी से माहौल रंगमय हो जाएगा।