बलौदा बाजार

कांग्रेस युवराज को लॉन्च कर परिवार के लिए सत्ता का उपयोग कर रही-साय
05-May-2024 2:31 PM
कांग्रेस युवराज को लॉन्च कर परिवार के लिए सत्ता का उपयोग कर रही-साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 5 मई।
तीसरे चरण के मतदान पूर्व रायपुर लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के आदर्श ग्राम गुडेलिया में शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। खासकर उन्होंने गांधी परिवार पर भी आक्रमण किया। कहा, कांग्रेस की राजनीति का उद्देश्य युवराज को लॉन्च कर परिवार के लिए सत्ता का उपयोग करना ही है। उन्होंने कहा, जनता के वोट से भाजपा जनकल्याण की योजनाएं बनाती है और कांग्रेस घोटाले करती है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस शासन के पांच वर्षों की कमियां गिनाई। तीन महीने में भाजपा सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्य बताए।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही गरीब, किसान, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और युवा का कल्याण कर सकते है। कांग्रेस का तो एक मात्र उद्देश्य है युवराज को लॉन्च करना और परिवार के लिए सत्ता का उपयोग करना। उन्होंने कहा गरीब को जनधन खाते, पक्का आवास, गैस सिलिंडर, निशुल्क राशन, उपचार की सुविधा सिर्फ नरेन्द्र मोदी ही दे सकते हैं। वे एक गरीब के बेटे हैं, इसलिए गरीब की जरूरत समझते हैं। कांग्रेस के लोग कहते थे राम मंदिर नहीं बन सकता, लेकिन जनता के सहयोग से मंदिर भी बना और 370 भी हट गया। 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्राचीन काल में भारत विश्व गुरु था, एक बार फिर हम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर हैं, इसलिए उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना अत्यंत आवश्यक है। साय ने कहा कि तीसरे चरण के लिए सात मई को होने वाली वोटिंग में रायपुर लोकसभा समेत सभी सात सीटों पर प्रदेश की जनता कमल खिलाएगी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार पीएम बनाने के इस उत्सव में कोई भी व्यक्ति पीछे न छूटे। 

कार्यक्रम को उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने भी संबोधित किया और कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार प्रदेश के विकास एवं जनता के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध होकर उसे संवारने का कार्य कर रही है। महिला सशक्तिकरण के लिए संवेदनशील भाजपा सरकार ने हमेशा ही महिलाओं के उत्थान एवं उन्हें आर्थिक रूप से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने का कार्य किया है, जिसमें महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लक्ष्मीनारायण शर्मा, नारायण यदु, अभिषेक मोदी, अमरजीत सलूजा ने सैकड़ों साथियों के साथ एवं अधिवक्ता संघ से जितेंद मिश्रा, माधव साव, सहित 35 अधिवक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया। 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को कृषि संबंधी नागर, खुमरी, राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह ग्रामवासियों की ओर से भेट किया गया। साथ ही मंडल पदाधिकरियों एवं युवा मोर्चा द्वारा गज माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news