सरगुजा

छत्तीसगढ़ के किसान कमजोर नहीं, केंद्र सरकार का करेंगे विरोध-राकेश
06-Jan-2021 8:10 PM
 छत्तीसगढ़ के किसान कमजोर नहीं, केंद्र सरकार का करेंगे विरोध-राकेश

  कहा किसानों को बरगलाने का भाजपा कर रही प्रयास    

छत्तीसगढ़ संवाददाता

अम्बिकापुर, 6 जनवरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने आज अंबिकापुर नगर के जिला कांग्रेस कार्यालय कोठी घर में पत्रकारों से वार्ता की।

वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के तीन काले कानून के खिलाफ देशभर में किसान आंदोलन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीद रही है। ऐसे में किसान विरोधी भाजपा और भाजपा के नेता नरेंद्र मोदी सरकार के 3 किसान विरोधी काला कानून से जनता का ध्यान हटाने के लिए छत्तीसगढ़ में किसानों के धान खरीदी के नाम से राजनीति कर रहे हैं एवं किसानों के शुभचिंतक होने का ढोंग रच रहे हैं।

श्री गुप्ता ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान कमजोर नहीं हैं इस बिल को लेकर केंद्र सरकार का विरोध करेंगे। छत्तीसगढ़ भूपेश बघेल की सरकार किसानों के हित में पूरी व्यवस्था के साथ धान खरीदी कर रही है। भाजपा के नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे अब तक धान खरीदी केंद्रों में निर्विवाद रूप से खरीदी हुई है। भाजपा के किसान विरोधी चरित्र को छत्तीसगढ़ी ही नहीं पूरे देश भर के किसान जान चुके हैं। धान खरीदी पर भाजपा के नेता लगातार झूठ का सहारा ले रहे हैं।किसानों के हित में ठोस काम करने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा अभी से झूठा प्रचार करने लगी है। कांग्रेस सरकार ने किसानों और धान का सम्मान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीदा है। पहले साल 80 लाख मीट्रिक टन से अधिक और दूसरे साल 83 लाख टन धान की खरीदी की है, और इस वर्ष 91 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है। भाजपा की सरकार 15 सालों में किसानों से औसत 50 लाख टन धान ही प्रतिवर्ष खरीदा है। कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया है जिसकी सोच ही कभी भाजपा के पास नहीं थी।

राकेश गुप्ता ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार के किसान हितेषी कार्यों से छत्तीसगढ़ के किसान खुशहाल हुए हैं।किसानों के कर्ज माफी का लाभ 20 लाख किसान परिवार को मिला। धान का समर्थन मूल्य एवं राजीव गांधी न्याय योजना के जरिए धान,मक्का और गन्ना उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार की प्रोत्साहन राशि मिलने से छत्तीसगढ़ के किसान खुशहाल हैं।भाजपा निरंतर किसान विरोधी कृत्यों में लगी हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार की छवि खराब करने भाजपा षड्यंत्र रच रही है एवं मनगढ़ंत आरोप लगाकर किसानों को बरगलाने का प्रयास कर रही है।

श्री गुप्ता ने आगे कहा कि इस बार सरगुजा में धान का भंडारण नहीं हो रहा है, सीधे मिलर के यहां जा रहा है। पहले भंडारण होने से धान खराब हो जाता था इसलिए यह निर्णय लिया गया है ।पत्रकारों द्वारा धान का रकबा कम होने के प्रश्न पर श्री गुप्ता ने कहा कि पूरे प्रदेश में रकबा बढ़ा है अगर किसी को रकबा को लेकर संशय है तो सरकार ने शिकायत करने कहा है। धान खरीदी केंद्रों से धान के उठाव नहीं होने के प्रश्न पर श्री गुप्ता ने कहा कि धान का उठाव सभी केंद्रों से हो रहा है अंतिम 16 दिवस में जो धान बचे हैं उनकी पूर्ण खरीदी हो जाएगी।

प्रेस वार्ता को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बालकृष्ण पाठक ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों को टॉर्चर कर रही है अभी एक-दो दिनों में बारिश व ओले गिरने वाले हैं जो बैठक किसानों के साथ 4 जनवरी को होनी थी सरकार ने उसे बढ़ाकर 8 जनवरी कर दी है। किसानों को हतोत्साहित करने व छत्तीसगढ़ सरकार को नीचा दिखाने का काम केंद्र सरकार कर रही है।

वार्ता को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजय अग्रवाल व द्वितेंद्र मिश्रा ने भी संबोधित किया।  इस दौरान महापौर डॉ. अजय तिर्की, हेमंत सिन्हा, अरविंद सिंह गप्पू, मोहम्मद इस्लाम, संध्या रवानी, अजय सिंह, हिमांशु जायसवाल सहित अन्य मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news