बस्तर

सडक़ हादसे में 9 मौतें, सीएम ने जताई शोक संवेदना
01-Feb-2021 8:59 PM
सडक़ हादसे में 9 मौतें, सीएम  ने जताई शोक संवेदना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर,1 फरवरी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 31 जनवरी को जिला मुख्यालय जगदलपुर से करीब 30 किमी दूरी पर सीमावर्ती ओडिशा के मुक्ताहांडी के पास सडक़ दुर्घटना में जगदलपुर विकासखंड के 9 लोगों की मृत्यु होने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढ़ांढस बंधाते हुए कहा कि इस अपार दुख की घड़ी में हम सब पीडि़त परिवार के साथ खड़े हैं। श्री बघेल ने उनके परिजनों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री ने इस सडक़ दुर्घटना में घायल सभी 13 लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना भी की। श्री बघेल ने जिला प्रशासन एवं शासकीय मेडिकल कालेज प्रशासन को अस्पताल में भर्ती सभी घायल लोगों का समुचित ईलाज करने के निर्देश भी दिए।

संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने भी उक्त हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। संसदीय सचिव रेखचंद जैन की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रूपए एवं गंभीर रूपए से घायल लोगों के लिए 50-50 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के अंत्येष्टि हेतु उनके परिजनों को तात्कालिक रूप से 50-50 हजार रूपए एवं अस्पताल में भर्ती घायल सभी 13 लोगों के इलाज हेतु 10-10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को ओडिसा सरकार की ओर से भी 10-10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।

उल्लेखनीय है कि संसदीय सचिव रेखचंद जैन इस घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों के मदद हेतु ग्राम कलचा पहुंच गए थे। इसके पश्चात वे स्वयं शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल डिमरापाल में पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया तथा चिकित्सकों को समुचित इलाज करनेके निर्देश दिए। गंभीर सडक़ दुर्घटना में मृत सभी लोग जगदलपुर विकासखंड के ग्राम कलचा के निवासी थे। साथ ही घायल 13 लोगों में से 10 लोग कलचा एवं 03 लोग मोरठपाल के रहने वाले हैं। मृतकों के अंतिम संस्कार के दौरान संसदीय सचिव  रेखचंद जैन एवं जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम जगदलपुर जीआर मरकाम, तहसलीदार मधुकर सीरमौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत वाईके पटेल एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण ग्राम कलचा में उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news