बस्तर

जनता के विश्वास से खेल रही है कांग्रेस नगर सरकार - आलोक
16-Feb-2021 9:11 PM
जनता के विश्वास से खेल रही है कांग्रेस नगर सरकार - आलोक

जगदलपुर, 16 फरवरी। निगम में काबिज कांग्रेस की नगर सरकार शहर की जनता के विश्वास से खेल रही है। दलपत सागर की जलकुंभी की सफाई के लिए 75 लाख की मशीन खरीदी की जांच एक ओर अटकी पड़ी  है और अब सागर में विहार के लिये खरीदी गयी लाखों की मोटरबोट एक माह के भीतर ही खराब हो रही है। जिसमें भी अनियमितता बरतने की आंच आ रही है। उक्त बातें मोतीलाल नेहरु वार्ड क्रं.15 के वरिष्ठ भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने कही।

श्री अवस्थी ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि दलपत सागर प्रत्येक शहरवासी के ह्रदय से जुड़ा विषय है। विशाल सरोवर स्वच्छ व साफ हो, यह हर जगदलपुरवासी का सपना है। मगर निगम में आसीन कांग्रेस की नगर सरकार शायद इससे इत्तफाक नहीं रखती। 75 लाख की वीड हार्वेस्टिंग मशीन की जाँच एक सप्ताह में पूर्ण होनी थी,जो डेढ़ महीने बाद भी नहीं हो पाई है। वहीं  सागर की सैर के लिये खरीदी गयी नई मोटरबोट बीस दिन में ही बिगड़ रही है। स्पष्ट है कि गुणवत्ता परखने के नियमों का पालन सही ढंग से नहीं हो रहा है।

साथ ही श्री अवस्थी ने कहा कि वर्तमान में दलपत सागर को संवारने के अथक प्रयास हो रहे हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भी विशाल सरोवर को निहारने पहुँचे थे। इसके बाद भी कांग्रेस की नगर सरकार महती कार्यों को गंभीरता से नहीं ले रही है और गुणवत्ताविहीन कार्यों को बढा़वा दिया जा रहा है। अनियमितता के उदाहरण सफाई मशीन व खराब मोटरबोट के रूप में सामने है। जनता के विश्वास की कसौटी पर विफल होने की कहानी निगम में सत्तासीन कांग्रेस नगर सरकार स्वयं लिख रही है। श्री अवस्थी ने मांग की है कि अविलंब इन मामलों की तत्काल जाँच की जाये, गलतियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news