बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुसमी, 11 मई। बलरामपुर जिला अस्पताल सहित जिला के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व कोविड केयर सेंटर में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गजों के बैनर तले एक समाजसेवी व जोगी पार्टी के पदाधिकारियों व समर्थकों द्वारा कुल 65 नग कुलर व 85 नग पंखा मरीजों को राहत दिलाने नि:शुल्क प्रदान किया गया।
सभी सामग्री प्रदान किए जाने को सराहनीय कदम बता रहे हैं तो वहीं कांग्रेस कमेटी के अधिकांश संगठन के पदाधिकारियों में इस बात की नाराजगी हैं कि उन्हें कांग्रेस मंत्री के नाम पर बांटे जाने वाले सामग्री वितरण की जानकारी नहीं दी गई।
इस दौरान कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वितरण के दौरान छत्तीसगढ़ जनता पार्टी के पदाधिकारियों में प्रदेश उपाध्यक्ष शुखु यादव, शिवचरण पाण्डे सहित जोगी शासनकाल में कुसमी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रह चुके अरविंद तिवारी, तथा पंकज दुबे, अरुण गुप्ता, वाहिद अली सहित अन्य उपस्थित थे।
बलरामपुर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि मुझे मंत्री जी के यहां से सामग्री वितरण में शामिल होने की जानकारी दी गई थी। दुर्भाग्यवश मैं तो नहीं था। हमारे साथी सब थे वे बताए कि समाजसेवी अशोक अग्रवाल के सौजन्य से व मंत्री के प्रेरणा पर वितरित किया गया हैं। गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा नही होना चाहिये. संगठन से बड़ा कोई नही हैं। जोगी कांग्रेस का बलरामपुर जिला में कोई अस्तित्व नहीं हैं। सभी अमरजीत भगत के दोस्त-साथी, शुभचिंतक हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय पैकरा ने कहा कि शंकरगढ़ में जोगी कांग्रेस पदाधिकारियों की उपस्थिति में सामग्रियों को वितरण किया गया तथा ब्लॉक कांग्रेस को इस बात की कोई जानकारी नहीं दी गईं। निश्चित ही यह बड़े पैमाने में गुटबाजी को संकेत दे रहा है। यहां की यथास्थिति हाईकमान तक रखी जायेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुसमी हरीश मिश्रा ने कहा कि राजपुर के समाजसेवी अशोक अग्रवाल मंत्री जी के प्रेरणा से सामग्री वितरण कर रहें हैं। अशोक अग्रवाल पूर्व में भारतीय जनता पार्टी में रहे हैं। जिसके बाद जोगी कांग्रेस में आए।
मंत्रीजी से प्रेरणा जागा हैं लेकिन सामग्री वितरण वाले बैनर में केवल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का फोटो डाल रहे हैं व वितरण में जोगी पार्टी व उनके सहयोगी दल हैं उनके साथ सामग्री का वितरण कर रहे हंै। इसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को कोई अवगत नहीं कराया गया हैं। उक्त गतिविधियों से वरिष्ठजनों को अवगत करा दिया गया हैं।