रायगढ़

अब बीमार व सडक़ दुर्घटना में घायल गायों की होगी सेवा
05-Jul-2021 6:25 PM
अब बीमार व सडक़ दुर्घटना में घायल गायों की होगी सेवा

मां भगवती गौ सेवा केंद्र का निर्माण कार्य शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 5 जुलाई।
शहर के बीचों-बीच पंजाब नैशनल बैंक रोड पर नीलांचल भवन के सामने मां भगवती गौ सेवा केंद्र खोला जा रहा है, जहां बीमार व सडक़ दुर्घटना में घायल गौ माताओं की देखरेख व सेवा की जाएगी। इसका निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।

गायत्री परिवार रायगढ़ से संबंद्ध मां भगवती गौ सेवा केंद्र के खुल जाने से शहर के बीचों-बीच घायल व बीमार गौमाताओं की देखरेख व सेवा होगी। इसके लिए गायत्री परिवार ने पहल शुरू कर दी है। पंजाब नैशनल बैंक रोड पर नीलांचल भवन के पास गायत्री परिवार ट्रस्ट की भूमि खाली पड़ी है, जिसका उपयोग गौ सेवा केंद्र के लिए करने का निर्णय ट्रस्टियों ने लिया है। यह केंद्र जनसहयोग से संचालित किया जाएगा। इसका निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। फिलहाल बाउंड्रीवाल बनाने का कार्य प्रगति पर है।

गायत्री परिवार रायगढ़ से संबंद्ध मां भगवती गौ सेवा केंद्र का प्रथम अध्यक्ष गौभक्त व गायत्री परिवार से जुड़े महादेव प्रसाद अग्रवाल को बनाया गया है। वे आचार्यश्री गौशाला बैसपाली व मोहन गौशाला ठाकुरपाली के भी संरक्षक है। गौ सेवा के प्रति समर्पित श्री अग्रवाल के कार्य को देखते हुए उन्हें मां भगवती गौ सेवा केंद्र के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री अग्रवाल ने बताया कि इस गौ सेवा केंद्र में बीमार व घायल गायों की देखरेख, उपचार की सुविधा होगी। हमारी मंशा शहर सहित आसपास इधर-उधर विचरण करने वाले गौमाताओं की सेवा करना है। कई गायें सडक़ दुर्घटना में घायल हो जाती हैं। उनका उपचार नहीं हो पाता। इसलिए गायत्री परिवार ने यह मां भगवती के नाम से गौ सेवा केंद्र खोलने का निर्णय लिया है, जिसका निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यहां गायों की देखरेख व सेवा के लिए पशु चिकित्सक व अन्य कर्मचारी रखे जाएंगे। यह केंद्र जनसहयोग से संचालित होगा। उन्होंने सभी गौभक्तों, समाजसेवियों से सहयोग की अपेक्षा की है।  
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news