छत्तीसगढ़ » कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अप्रैल। जय भारत सत्याग्रह के परिपेक्ष्य में ब्लॉक स्तरीय पत्रकार वार्ता का आयोजन हुआ। प्रेस वार्ता में जिला मुख्यालय के पत्रकारों को संबोधित करते जिला कमेटी द्वारा नियुक्त प्रवक्ता विजय लांगड़े ने कहा कि सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश मे अब भाजपा के शासन काल में आम आदमी की आवाज उठाना गुनाह नजर आने लगा है, मोदी सरकार की तानाशाही अब चरम में पहुंच चुकी है, जिसे देश की जनता देख रही है व भली भांति जान चुकी है।
उक्त बातें स्थानीय रेस्ट हाउस में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के वार्ता प्रभारी विजय लांगड़े ने कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्रीय सरकार में तो संसद में बोलने की विपक्षीय सदस्यों को आजादी भी नहीं रही, सवाल करने पर माइक बंद कर दिया जाता है, जो आज तक के संसदीय इतिहास में कभी नहीं हुआ वो अब मोदी सरकार में हो रहा है। सांसद बहुमत के अतिवादी चरित्र का प्रदर्शन करते हुए संसद की कार्रवाई चलने नहीं देते हैं।
उन्होंने कहा कि हम न्यायालयीन प्रक्रिया का सम्मान करते हैं, विपक्ष का काम होता है सरकार को आईना दिखाना, लेकिन जिस तरह से मोदी सरकार अपने एक संसद सदस्य पर जिस तरह से कार्रवाई को अंजाम दे रहें वह उचित नहीं है। आखिरकार सांसद राहुल गांधी ने ऐसा क्या कुछ गलत पूछ लिया कि उनको टारगेट करते हुए यह सरकार काम कर रही है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष झुमुक दीवान विधायक प्रतिनिधि बुधराम नेताम ,शहर अध्यक्ष तरुण गोलछा, वरिष्ठ कांग्रेसी अमित गुप्ता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भरत देवांगन व अन्य मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अप्रैल। खरतरगच्छ सुखसागर समुदाय के पट्टधर गणनायक का कोंडागांव जैन समाज ने किया भव्य स्वागत। परम पूज्य अवंती तीर्थोद्धारक खरतर गच्छाधिपति आचार्य भगवंत श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वर जी महाराज साहेब एवं मुनि आदि ठाणा का बस्तर क्षेत्र की सुरम्य वादियों में विहार गतिमान है।
गुरुदेव श्री के प्रथम बार कोंडागांव बस्तर क्षेत्र में पदार्पण पर सभी नगरवासी भक्तों में खूब उल्लास है, बड़ी संख्या में श्रावक गण विहार सेवा देने पधार रहे हैं, सभी गावों में गुरुदेवश्री का भव्य प्रवेश एवं स्वागत किया गया। पूज्य श्री राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर एवं कोरबा में भव्य ऐतिहासिक अंजनशलाका प्रतिष्ठा करवाकर छत्तीसगढ़ प्रांत में विचरण कर रहे। गुरुदेव का जैन समाज के सभी घरों में भव्य स्वागत किया गया गुरुदेव द्वारा सभी घरों में पग पकझाल चंदन के केशर के द्वारा किया गया।
कोंडागाँव जैन श्री संघ पर हमेशा से ही गुरु भगवंतों की विशेष कृपा रही है, इसी प्रबल भाग्योदय से 2 संत समुदाय कोंडागाँव में विराज रहे हैं। संघ की पुण्यवानी ने ऐसा जोर मारा कि तीसरे संत समुदाय का भी कोंडागाँव में पदार्पण हो गया।
खरतरगच्छाधिपति पूज्य गुरुदेव जिनमणिप्रभ सूरीश्वरजी म.सा. का अपने शिष्य समुदाय के साथ नारायणपुर की ओर से जोंदरापदर मार्ग से सुबह 9.30 बजे भव्य प्रवेश हुआ। ढोल-नगाड़ों की अभिगुंजन के मध्य विशाल जन- समुदाय के गगनचुंबी नारों के साथ पूज्य गुरुदेव स्थानीय ओसवाल भवन पधारे।
ओसवाल भवन आने के पश्चात अपने प्रवचन के माध्यम से समाज को भगवान महावीर के जीवन से प्रेरणा लेने की शिक्षा दी। जैन श्री संघ की विशेष विनती को मानते हुए कल 4 अप्रैल को भी प्रवचन की स्वीकृति प्रदान की। प्रवचन के पश्चात समस्त जैन श्री संघ के सभी सदस्यों के स्वामी वात्सल्य की व्यवस्था की गई।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 3 अप्रैल। जिला अस्पताल कोण्डागांव के गेट पर 108 एंबुलेंस की चपेट में आकर सडक़ हादसे का शिकार हुए युवक की मौत हो गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
परिजनों का आरोप है कि युवक मेहर सिंह पांडे सडक़ हादसे में घायल हो गया था, जिसे फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर जिला अस्पताल कोण्डागांव लाया गया। घायल को जिला अस्पताल जिस 108 एंबुलेंस के सहायता से लाया गया था, उसी के पायलेट ने लापरवाही से उसे उतारते समय रिवर्स करते हुए 108 एंबुलेंस को मेहर सिंह पांडे के ऊपर चढ़ा दिया। इस घटना में मेहर सिंह पांडे की मौत हो गई है।
कोण्डागांव के जिला अस्पताल में पहुंचे मृतक मेहर सिंह पांडे की पत्नी कमलेश्वरी पांडे व अन्य परिजनों ने बताया कि विकासखंड फरसगांव के बरकई गांव निवासी 30 वर्षीय मेहर सिंह पांडे का फरसगांव से घर लौटने के दौरान पासंगी पेट्रोल पंप के पास चंद्रभान साहू के बाइक से टक्कर हो गई थी। पासंगी गांव में हुए इस आमने-सामने की टक्कर में मेहर सिंह पांडे को घायल हो जाने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव ले जाया गया, जहां हड्डी में चोट के चलते उसे कोण्डागांव के जिला अस्पताल रेफर किया गया। फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उसे 108 एंबुलेंस के सहायता से कोण्डागांव के जिला अस्पताल लाया गया।
परिजनों की मानें तो, जिस 108 एंबुलेंस के सहायता से उसे जिला अस्पताल लाया गया, उसी एंबुलेंस से उतरते समय एंबुलेंस के पायलेट ने अचानक एंबुलेंस को रिवर्स कर दिया। इससे एंबुलेंस का पिछला पहिया मेहर सिंह पांडे के ऊपर चढ़ गया। इस घटना के बाद उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मेहर सिंह पांडे ने दम तोड़ दिया है।
घटना की जानकारी लगते ही नगरपालिका उपाध्यक्ष व भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी जसकेतु उसेंडी जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि, एंबुलेंस पायलेट की गलती से जिला अस्पताल के दरवाजे में इतनी बड़ी घटना हुई है। लेकिन प्रशासन इस मामले पर त्वरित कार्रवाई नहीं कर रहा है। वहीं घटना पर दूरभाष से संपर्क करने पर कोण्डागांव जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोभराज अग्रवाल ने कहा कि, मामले में एफआईआर दर्ज किया जा रहा है, साथी दोषी 108 एंबुलेंस के पायलट पर भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कोण्डागांव, 2 अप्रैल। राज्यव्यापी छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण शनिवार को कोण्डागांव जिले में एक साथ प्रारंभ किया गया। जिले में 1 अप्रैल से प्रारंभ इस सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण अभियान के तहत कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत प्रेम प्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, एसडीएम, तहसीलदार तथा सीईओ जनपद पंचायत के द्वारा सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया गया।
श्री शर्मा ने जनपद पंचायत फरसगांव एवं केशकाल में स्थापित नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कार्य की सतत मॉनिटरिंग करने सहित प्रगणक दलों को आवश्यक परामर्श प्रदान किये जाने के निर्देश दिये। सीईओ जिला पंचायत द्वारा केशकाल ब्लॉक के गौरगांव, कोहकामेटा, सिदावण्ड, अड़ेंगा, प्रधानचेर्रा, बयालपुर, कोदोभाट एवं जामगांव में प्रगणक दलों के द्वारा घर-घर जाकर किये जा रहे सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने प्रगणक दलों के कार्यों को देखा तथा जानकारी संकलित किये जाने वाले निर्धारित प्रपत्रों का अवलोकन कर सर्वेक्षण कार्य को पूरी गम्भीरता के साथ त्रुटि रहित सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही ग्रामीणों के घरों पर मकान नम्बर अंकित करने और निर्धारित प्रपत्र में सभी आवश्यक जानकारी प्रतिपूरित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने सर्वेक्षण दलों से कहा कि कोई भी परिवार सर्वेक्षण से वंचित नहीं हो और इसमें सम्मिलित हों।
श्री शर्मा ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें सर्वेक्षण सम्बन्धी जानकारी प्रदान करने की समझाईश देते हुए कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण अभियान है, जो भविष्य में नई योजनाओं को बनाने तथा क्रियान्वयन में सहायक साबित होगी।
विभिन्न अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सर्वे कार्य का किया निरीक्षण
जिले में सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण अभियान के शुरूआत दिवस पर सयुंक्त कलेक्टर श्री मनोज केसरिया ने फरसगांव ब्लॉक के पतोड़ा एवं मांझी आठगांव, डिप्टी कलेक्टर श्री अमित गुप्ता ने केशकाल ब्लॉक के बेड़मा, अरंडी, धनोरा, सुपाबेड़ा एवं कोरकोटी और भूपेन्द्र गावरे ने कोण्डागांव ब्लॉक के खंडाम, हंगवा, हसलनार, मर्दापाल, बोटी कनेरा एवं गोलावंड तथा अंकित चैहान ने माकड़ी ब्लॉक के एरला, हीरावंडी, हीरापुर, अमरावती, बीजापुर एवं बवई में सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण अभियान का निरीक्षण कर प्रगणक दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इसी तरह अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण कर सर्वेक्षण दलों से चर्चा करते हुए उन्हें दिशा-निर्देश दिये। इसके साथ ही उनकी शंकाओं का समाधान किया। वहीं ग्रामीणों से भेंटकर उन्हें इस महत्ती अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
कोंडागांव, 2 अप्रैल। शनिवार को मर्दापाल थाना अंतर्गत ढोल मांदरी के पास सडक़ दुर्घटना में 2 लोगों की मौत व एक गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक मनकर बघेल ,जयसिंह बघेल मनकुराम कोर्राम दुपहिया वाहन में सवार होकर शनिवार दोपहर को ग्राम गोलावंड से मर्दापाल की ओर जा रहे थे, उसी दौरान मर्दापाल की ओर से आती हुई तेज रफ्तार 407 वाहन ने ढोल मांदरी के पास दुपहिया वाहन को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में मनकर बघेल 42 पिता महारुराम ,जयसिंह बघेल 43 पिता महादेव बघेल की मौत हुई, वहीं मनकुराम कोर्राम 45 वर्ष पिता ताति राम कोर्राम गंभीर रूप से घायल है । जिसका जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है , सभी ग्राम बड़े कुरुषनार निवासी बताए जा रहे हैं, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 2 अप्रैल। ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों के लिए 108 एम्बुलेंस हमेशा से ही वरदान साबित होती आ रही है। साथ ही गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा होने पर समय रहते अस्पताल पहुंचाने व प्रसव करवाने में भी 108 एम्बुलेंस के कर्मचारी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में एक बार फिर केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत संचालित एंबुलेंस 108 के ईएमटी व चालक ने गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया है।
पिछले 1 सप्ताह में 108 एंबुलेंस के ईएमटी व चालकों के द्वारा लगातार दूसरी बार सुरक्षित प्रसव करवाया गया है। इस बार गर्भवती महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया है। फिलहाल मां और बच्ची दोनों ही स्वस्थ है।
केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम खूटपदर निवासी सगईबाई को रविवार की दोपहर लगभग 12.30 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। उनके पति धनपत नेताम ने तत्काल 108 एंबुलेंस के लिए कॉल किया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी धनराज पटेल और चालक लोकनाथ यादव तत्काल खूटपदर पहुंचे। जहां से गर्भवती महिला को 108 एंबुलेंस में बैठाकर केशकाल के लिए रवाना हो रहे थे, इस दौरान रास्ते में ही महिला को प्रसव पीड़ा हुई।
ईएमटी धनराज पटेल व चालक लोकनाथ यादव ने तत्काल सडक़ किनारे एंबुलेंस को खड़ा किया और वाहन में ही महिला का सफल प्रसव करवाया। महिला ने सुंदर सी बच्ची को जन्म दिया है जो कि पूरी तरह स्वस्थ है। प्रसव के पश्चात आवश्यक जांच व उपचार के लिए एंबुलेंसकर्मियों ने उक्त महिला व नवजात बच्ची को केशकाल अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों की सूझबूझ व मेहनत की लोग मुक्त कंठ से प्रशंसा भी कर रहे हैं।
कोण्डागांव, 2 अप्रैल। सीआरपीएफ बी/188 वाहिनी द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत 31 मार्च को 188 वीं वाहिनी के कमांडेंट भवेश चौधरी व उनकी पत्नी रेखा चौधरी ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशकाल जिला कोण्डागाँव एवं शासकीय पूर्व माध्यशाला ब्लाँक कॉलोनी केशकाल में स्कूल बैग का वितरण किया। स्कूल बैग मिलने पर स्कूली बच्चों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी ।
इस कार्यक्रम के दौरान कमाण्डेंट द्वारा स्कूल के बच्चों को अपने संबोधन में एक छोटा सा संदेश उनकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे हेतु दिया गया। जिसमें उन्होंने बताया कि शिक्षा कभी न डूबने वाला सूर्य है, जो अपनी रोशनी चारों तरफ फैला सकता है । हर व्यक्ति को शिक्षित होने की आवश्यकता है। हर एक बच्चा पढ़ेगा, तभी तो हमारा देश उन्नति की राह पर आगे बढ़ पाएगा। साथ ही शिक्षा संस्थानों और समाज को भी निरंतर कोशिश करनी चाहिए कि उनकी गली, मोहल्ले में कोई भी बच्चा स्कूली शिक्षा से वंचित न रहे। देश के विकास और उन्नति के लिए हम सबको मिलकर आगे बढऩा। कार्यक्रम में सहायक कमांडेट गुफरान अहमद, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन ज़मीर खान, प्राधानाध्यपिका अनीता झा एवं स्कूल के अन्य अध्यापकों ने भी कमाण्डेंट का हार्दिक स्वागत व अभार व्यक्त किया। और 188 वीं वाहिनी केरिपुबल के इस सिविक एक्शन प्रोग्राम की तारीफ की।
जिस एंबुलेंस से लाया गया अस्पताल, उसी के नीचे आया घायल
कोण्डागांव, 2 अप्रैल। जिला अस्पताल कोण्डागांव के गेट पर 108 एंबुलेंस की चपेट में आकर सडक़ हादसे का शिकार हुए युवक की मौत हो गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
परिजनों का आरोप है कि युवक मेहर सिंह पांडे सडक़ हादसे में घायल हो गया था, जिसे फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर जिला अस्पताल कोण्डागांव लाया गया। घायल को जिला अस्पताल जिस 108 एंबुलेंस के सहायता से लाया गया था, उसी के पायलेट ने लापरवाही से उसे उतारते समय रिवर्स करते हुए 108 एंबुलेंस को मेहर सिंह पांडे के ऊपर चढ़ा दिया। इस घटना में मेहर सिंह पांडे की मौत हो गई है।
कोण्डागांव के जिला अस्पताल में पहुंचे मृतक मेहर सिंह पांडे की पत्नी कमलेश्वरी पांडे व अन्य परिजनों ने बताया कि विकासखंड फरसगांव के बरकई गांव निवासी 30 वर्षीय मेहर सिंह पांडे का फरसगांव से घर लौटने के दौरान पासंगी पेट्रोल पंप के पास चंद्रभान साहू के बाइक से टक्कर हो गई थी। पासंगी गांव में हुए इस आमने-सामने की टक्कर में मेहर सिंह पांडे को घायल हो जाने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव ले जाया गया, जहां हड्डी में चोट के चलते उसे कोण्डागांव के जिला अस्पताल रेफर किया गया। फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उसे 108 एंबुलेंस के सहायता से कोण्डागांव के जिला अस्पताल लाया गया।
परिजनों की मानें तो, जिस 108 एंबुलेंस के सहायता से उसे जिला अस्पताल लाया गया, उसी एंबुलेंस से उतरते समय एंबुलेंस के पायलेट ने अचानक एंबुलेंस को रिवर्स कर दिया। इससे एंबुलेंस का पिछला पहिया मेहर सिंह पांडे के ऊपर चढ़ गया। इस घटना के बाद उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मेहर सिंह पांडे ने दम तोड़ दिया है।
घटना की जानकारी लगते ही नगरपालिका उपाध्यक्ष व भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी जसकेतु उसेंडी जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि, एंबुलेंस पायलेट की गलती से जिला अस्पताल के दरवाजे में इतनी बड़ी घटना हुई है। लेकिन प्रशासन इस मामले पर त्वरित कार्रवाई नहीं कर रहा है। वहीं घटना पर दूरभाष से संपर्क करने पर कोण्डागांव जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोभराज अग्रवाल ने कहा कि, मामले में एफआईआर दर्ज किया जा रहा है, साथी दोषी 108 एंबुलेंस के पायलट पर भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कोण्डागांव, 2 अप्रैल। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गिरोला में कार्यरत रामसाय नेताम को 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने पर संस्था के प्राचार्य महेंद्र गौतम के कर कमलों से शाल, श्रीफल, गुलदस्ता, साइकिल एवं बड़ी अलमारी भेंट कर सम्मान पूर्वक भावभीनी विदाई दी गई।
ज्ञात हो कि रामसाय नेताम अपने सेवाकाल की शुरुआत शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल कोंडागांव से किये। तत्पश्चात शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गिरोला में 16 वर्षों से भृत्य के पद पर कार्यरत रहते हुए 31 मार्च को सेवाकाल पूर्ण होने पर संकुल के समस्त शिक्षकों दीपा राठौर, नीलम श्रीवास्तव, रोचन दुबे, संजय राठौर, जितेंद्र सिंह, संकुल समन्वयक अरुणदीवान, मोहन लाल मरकाम, वीरेंद्र ठाकुर, रेशमा नेताम, समीक्षा डोंगरे ,हस्तिना शार्दुल, इंदु बघेल, कल्पना वासनिकर, ऋचा शुक्ला, ग्रीष्मा कावडे, फाल्गुनी पटेल, मेहतरीन बाई, सोभन्ना नायडू, तरन्नुम निशा, गमवती नेताम, दीपमाला वासनीकर, अमित देवांगन ,लखु नाग, दीपक नाग, मुरारीलाल मटियारा एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर संकुल प्राचार्य महेंद्र गौतम एवं संकुल समन्वयक अरुण दीवान ने कहा कि रामसाय नेताम मृदुभाषी, मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे, उनकी योगदान को विद्यालय परिवार हमेशा याद रखेंगे । ऐसे व्यक्तित्व बहुत ही कम एवं बिरले ही देखने को मिलते है। रामसाय नेताम सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहे ।
उन्होंने विद्यालय, शिक्षक, एवं छात्र हित के लिए सदैव तत्पर रहे । यही कारण है कि उनके विदाई समारोह के अवसर पर पूरे संकुल स्टॉप उनके गृह ग्राम केरावाही तक सम्मान पूर्वक गाजे-बाजे के साथ विदाई दी गई।
कोण्डागांव, 2 अप्रैल। शनिवार से राज्य भर में छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके तहत जिले भर में 383 ग्राम पंचायतों हेतु 652 प्रगणक दल बना कर घर-घर में सर्वे का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर शनिवार को कलेक्टर दीपक सोनी ने स्वयं गांवों में जाकर सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान सर्वप्रथम वे कोण्डागांव विकासखण्ड के ग्राम पलारी पहुंचे। जहां उन्होने धाकड़पारा में सोनादाई के घर पहुंच सर्वे दल के साथ परिवार से चर्चा करते हुए जानकारी एकत्रित कर सर्वे प्रपत्र में जानकारी प्रविष्ट की। इसके बाद उन्होने चिलपुटी में बिजंतीन बाई एवं ग्राम पल्ली में सुगो बाई के घर जाकर सर्वे दल के साथ परिवार के सदस्यों से चर्चा की साथ ही उन्होने प्रगणक दल के सदस्यों से चर्चा करते हुए डाटा एकत्रित करने में हो रही समस्याओं एवं ऐप में प्रविष्टी के दौरान आ रही दिक्कतों के संबंध में जानकारी लेते हुए उनका समाधान भी किया। वे माकड़ी विकासखण्ड के ग्राम शामपुर, बवई एवं हाड़ीगांव में सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण किया एवं दलों को बेहतर तरीके से गुणवत्तापूर्ण डाटा संग्रहण हेतु प्रेरित करते हुए ग्रामीणों से चर्चा भी की गयी।
कलेक्टर ने माकड़ी जनपद पंचायत भवन में छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 हेतु बनाये गये विकासखण्ड स्तरीय कंट्रोल रूम का जायजा लेते हुए कंट्रोल रूम में कार्यरत कर्मियों से चर्चा की। ज्ञात हो कि जिले में सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 हेतु 383 ग्राम पंचायतों पर 652 प्रगणक दलों तथा इनके बेहतर संचालन एवं प्रशिक्षण हेतु 111 सुपरवाइजर बनाये गये है। 01 से 30 अप्रैल के मध्य ये प्रगणक दल घर-घर जाकर सर्वेक्षण का कार्य करेंगे। इस अवसर पर एसडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ माकड़ी अनिकेत साहु, तहसीलदार हार्दिक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बेरोजगारी भत्ता सत्यापन केन्द्रों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
कलेक्टर ने 01 अप्रैल से ऑनलाइन बेरोजगारी भत्ता हेतु आवेदनों के प्रारंभ होने के साथ आने वाले ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन हेतु बनाये गये बेरोजगारी भत्ता सत्यापन केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिसमें उन्होने कोण्डागांव मुख्यालय के शासकीय कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कोण्डागांव तथा बाजार पारा स्थित स्कूल एवं माकड़ी विकासखण्ड मुख्यालय के स्वामी आत्मानंद विद्यालय में स्थापित केन्द्र का निरीक्षण करते हुए केन्द्रों में कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें आवश्यक जानकारियां प्रदान की गयी। ज्ञात हो कि जिले में बेरोजगारी भत्ता के सत्यापन हेतु 77 कलस्टर बनाये गये है। जिनमें से 67 ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 10 नगरीय निकायों हेतु बनाये गये है। जहां आवेदक ऑनलाइन आवेदन के पश्चात अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन करा सकेंगे।
पुलिस की सूझबूझ से आवागमन शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 2 अप्रैल। केशकाल घाट में रविवार सुबह घाट के अंतिम मोड़ में उतरते वक्त ट्रेलर को ओवरटेक करने के प्रयास में धान से लदी ट्रक और विपरीत दिशा से आ रही पेट्रोलियम ट्रक की भिड़ंत हो गई।
हालांकि इस घटना में किसी को तो चोट नहीं आई है। लेकिन एक ही स्थान पर तीन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण घाट में लगभग 3 घंटे तक जाम लगा रहा। केशकाल पुलिस की सूझबूझ से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को खींच कर किनारे करवाते हुए आवागमन बहाल करवाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हाइवे पेट्रोलिंग व केशकाल पुलिस की टीम पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रक के माध्यम से खींच कर दुर्घटना ट्रक को बाहर निकाला गया। इसके पश्चात तीनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कर आवागमन बहाल करवाया गया। साथ ही लापरवाही पूर्वक ओवरटेक करने वाले ट्रक चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद साहू से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लगभग 10.30 बजे केशकाल घाट के अंतिम मोड़ में उतरते वक्त ओवरटेकिंग के प्रयास कर रही ट्रक सामने चल रही ट्रेलर से जा टकराई। उसी वक्त सामने से आ रही पेट्रोल टेंकर वाहन भी उसी स्थान पर पत्थरों में जा घुसी। देखते ही देखते एक ही स्थान पर तीन मालवाहक वाहनों की भिड़ंत होने के कारण केशकाल घाट पूरी तरह से जाम हो गया था। घाट के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 1 अप्रैल। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पिताम्बर नाग के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विरोध में शुक्रवार की शाम नगर में मशाल रैली निकाली गई।
कांग्रेसजनों ने हाथ में मशाल लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते कांग्रेस भवन से निकलकर नगर के हृदय स्थल जयस्तम्भ चौक पहुंच रैली को समाप्त किया। इस रैली में कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस दौरान श्री नाग ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। हमारे नेता राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जाता, वहीं अडानी और पीएम मोदी के बीच रिश्ते को उजागर करने के चलते राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई, लेकिन इस तरह की कार्रवाई से कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
मशाल रैली में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष झुमुक लाल दीवान, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम,शहर अध्यक्ष तरुण गोलछा, ब्लॉक अध्यक्ष भारत देवांगन,तबस्सुम बानो प्रदेशसचिव सुकबती मरकाम प्रदेश सचिव मीडिया प्रभारी रीतेश पटेल, प्रवक्ता शिल्पा देवांगन,हेमा देवांगन शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कोण्डागाँव नगरपालिका अध्यक्ष वर्षा यादव पार्षद शांति पाण्डे ललिता नेताम प्रीति भदोरिया शहर प्रवक्ता गुणमती नायक पूर्व पार्षद कोण्डागाँव विधानसभा अध्यक्ष रितेश गुप्ता, केशकाल विधानसभा अध्यक्ष संजय मरकाम, जिला उपाध्यक्ष अमन सागर, प्रियांश चौहान, प्रतीक्षा सजल, गीतेश बघेल, राकेश कुंजाम,दयाशंकर मरकाम, सुनील कोर्राम, दिनेश नेताम, आदि मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 अप्रैल। स्कूटी चोरी के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी गजेन्द्र नेताम अपने शासकीय क्वार्टर में स्कूटी क्रमांक सीजी 27 एल 3130 रखकर अपने गृह ग्राम मालाकोट गया था। चार फरवरी के दरम्यानी अज्ञात चोर द्वारा दरवाजा का लगा ताला तोड़ कर घर अन्दर प्रवेश कर उक्त स्कूटी को चोरी कर ले गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोंडागांव में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
अज्ञात आरोपी एवं चोरी गई स्कूटी के पता तलाश दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी धमेन्द्र ध्रुव एवं संजु कोर्राम दोनों निवासी कोण्डागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। दोनों ने मिलकर चोरी करना कबूल किये। आरोपी संजू कोरार्म के द्वारा अपने घर से चोरी की एक्टिवा स्कूटी पेश करने पर गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 1 अप्रैल। केशकाल विधानसभा के बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत निवासरत ग्रामीणों को अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी अधिनियम के तहत वन अधिकार मान्यता पत्र एवं ऋण पुस्तिका का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत कलगांव में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं केशकाल विधायक संतराम नेताम के हाथों से 317 पात्र लाभार्थियों को वन अधिकारी मान्यता पत्र बांटे गये। जिसमें कौंदकेरा 20, कोपरा 76, चिंदलह 6, सलना में 38 समेत अन्य ग्रामों के ग्रामीणों को वन अधिकार मान्यता पत्र बांटा गया है।
इस दौरान संतराम नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुखिया भूपेश बघेल के द्वारा छत्तीसगढ़ के मूलनिवासी एवं परंपरागत निवासियों के अधिकारों का संरक्षण करने के लिए पहल की गई है, यह सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री जी से मांग की थी कि जल्द से जल्द सभी पात्र हितग्राहियों को अधिकार पत्र दिया जाए। परिणामस्वरूप बस्तर के निवासियों की जल जंगल जमीन की मांग पूरी हुई है। पूरे प्रदेश में कोंडागांव जिले के सर्वाधिक हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता पत्र बांटा गया है। इससे पहले भी केशकाल विधानसभा के 500 से अधिक ग्रामीणों को वन अधिकार मान्यता पत्र वितरण किया जा चुका है तथा आज भी यह अभियान जारी है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को यह अधिकार पत्र मिले ताकि हमारे विधानसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक लोग इस योजना से लाभान्वित हो सके।
इस दौरान सरपंच फिरंगी मरकाम, हीरालाल नेताम, जयलाल नाग, एसडीएम शंकरलाल सिन्हा, तहसीलदार सुशील भोई समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्राशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 अप्रैल। सकल जैन श्री संघ भारतीय जैन संगठना कोंडागाँव द्वारा महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मनाया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जैन श्री संघ और भारतीय जैन संघटना के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 4 अप्रैल तक स्थानीय विकास नगर स्टेडियम में महावीर क्रिकेट कप का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन 1 अप्रैल 2023 को दोपहर 3 बजे जैन श्री संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में हुआ।
इस आयोजन में 5 टीमें बनाई गई हैं- ज्ञान 11, दर्शन 11, चारित्र 11,अहिंसा 11 और संयम 11।
इन टीमों के मालिक और कप्तान
ज्ञान 11 - मालिक (ललित जी कोटडिय़ा), कप्तान (मनोज जी ओसवाल)
दर्शन 11 - मालिक (हरीश जी गोलछा), कप्तान (दिलीप जी ओसवाल)
चारित्र 11 - मालिक (माँगीलाल जी संचेती), कप्तान (नवीन संचेती)
अहिंसा 11- मालिक (जितेंद्र जी सुराना), कप्तान (मोहित सुराना)
संयम 11-मालिक (बसंत जी पारख), कप्तान (सनिल जी भंसाली)
इस आयोजन के अन्तर्गत फाइनल सहित कुल 11 मैच खेले जाएँगे। फाइनल 4 अप्रैल को खेला जाएगा।
संगठन के प्रांतीय समन्वयक विनोद 55 बार कर चुके हैं रक्तदान
केशकाल, 1 अप्रैल। अस्पताल में जब भी मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है तो मरीज के परिजन सत्य साईं सेवा संगठन से संपर्क करते हैं तो संगठन द्वारा तत्काल रक्त की व्यवस्था की जाती है। इसी तरह शनिवार को भी केशकाल अस्पताल में भर्ती एक मरीज को रक्त की आवश्यकता होने पर सत्य साईं संगठन के द्वारा तत्काल रक्त की व्यवस्था करवाई गई। जिस पर मरीज के परिजनों ने रक्तदाता और साईं संगठन को धन्यवाद ज्ञापित किया।
साईं सेवा संगठन के प्रांतीय समन्वयक विनोद अग्रवाल ने बताया- मैं अब तक 55 बार रक्तदान कर चुका हूं और आगे भी करता रहूंगा । साथ ही जब भी लोगों को रक्त की जरूरत पड़ती है तो संगठन के द्वारा तत्काल ब्लड की व्यवस्था की जाती है। अब तक हजारों लोगों को हमारे संगठन के द्वारा मरीजों को ब्लड व्यवस्था करवाया गया है। हमारा यह संगठन पूरे देश भर में फैला हुआ है । हमसे संपर्क करने पर तत्काल कहीं भी ब्लड व्यवस्था करवा लेते हैं । साथ ही गरीब परिवार के जो मरीज गंभीर बीमारी से जूझ रहा हो उनका भी हमारे संगठन के द्वारा निशुल्क इलाज करवाया जाता है।
इसी तरह शनिवार को केशकाल अस्पताल में भर्ती मरीज मंगलू नेताम उम्र 30 वर्ष आंवरी निवासी जिसका खून मात्र 4 ग्राम ही है। जिनको ब्लड की आवश्यकता थी तो हमसे संपर्क किया और हमारे डोनर प्रकाश नाग के द्वारा केशकाल अस्पताल पहुंचकर तत्काल ब्लड डोनेट किया गया । इसी तरह ब्लड डोनेट करने में नगर के युवाओं द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका है । जब भी ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों को ब्लड की आवश्यकता होती है तो सर्वप्रथम नगर के युवाओं से संपर्क किया जाता है, जिसके चलते तत्काल ब्लड व्यवस्था हो जाती है और यहाँ सेवा निरंतर जारी रहेगा।
केशकाल नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान ने बताया कि सत्य साईं सेवा संगठन के द्वारा समय समय पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है । जिले के अधिकतर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में खून की कमी होने की बात सामने आई है। निश्चित रूप से साईं सेवा संगठन के द्वारा तत्परता से अस्पताल में भर्ती मरीजों को ब्लड की व्यवस्था करवाते हैं जो सराहनीय है। अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त की उपलब्धता होती है इसके लिए सत्य साईं सेवा संगठन बधाई के पात्र हैं।
केशकाल, 1 अप्रैल। छत्तीसगढ़ एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के आदेशानुसार जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के तहत शाम को केशकाल नगर में एनएसयूआई प्रदेश सचिव वसीम मेमन के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाओ मशाल रैली निकाल कर केंद्र सरकार के प्रति विरोध प्रदर्शन किया गया। साथ ही संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन भी किया गया।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव वसीम मेमन भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। हमारे नेता राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जाता वहीं अडानी और पीएम मोदी के बीच रिश्ते को उजागर करने के चलते राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई, लेकिन इस तरह की कार्रवाई से कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
इस दौरान मुख्य रूप से अमीन पारेख, यासीन मेमन, इमरान खान, जुनैद मेमन, लोमेश कुमार, टीकेश सेठिया, सोहेल मांडावी, बिसान्त सूर्यवंशी, सब्दर खान, हसन मेमन, अल्फाज खान, कय्यूम अली, इमरान कुरैशी, तरुण सिन्हा, सुजल कुंजाम आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
केशकाल, 1 अप्रैल। भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ उत्सव 2023 के तहत केशकाल नगरीय क्षेत्र के लोगों को स्वच्छता का संदेश के उद्देश्य से सफाईकर्मी महिलाओं ने हाथों में टार्च लेकर स्वच्छता रैली निकाली। इस रैली ने पूरे नगर का भ्रमण कर आम जनता से शहर को कचरा मुक्त बनाने में अपना सहयोग करने का आग्रह किया गया।
इस संबंध में नगर पंचायत सीएमओ नामेश कावड़े ने बताया कि नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सफाईकर्मी महिलाएं हर सम्भव प्रयास कर रही हैं, लेकिन आम जनता के सहयोग के बिना यह कार्य पूरा होना सम्भव नहीं है। इसलिए नगरवासियों में जागरूकता फैलाने के लिए नगर पंचायत अंतर्गत कार्यरत सफाईकर्मी महिलाओं में हाथों में बैनर पोस्टर लेकर टार्च रैली के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया है। इस अभियान का उद्देश्य नगर को स्वच्छ बनाना और स्वच्छता सर्वेक्षण में केशकाल को उत्कृष्ट स्थान दिलाना है।
केशकाल, 31 मार्च। समूचे कोंडागांव जिले में आम जनता के बीच जाकर उनसे संवाद व सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से सीआरपीएफ द्वारा इन दिनों शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर के शासकीय कन्या शाला परिसर में सीआरपीएफ 188वीं बटालियन के कमांडेंट भावेश चौधरी के मुख्य आतिथ्य में सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत लगभग 300 से अधिक स्कूली बच्चों को बैग का वितरण किया गया। साथ ही सभी बच्चों को कड़ी मेहनत के साथ पढाई कर अच्छे मुकाम हासिल करने व अपने क्षेत्र का नाम गौरान्वित करने हेतु प्रोत्साहित भी किया। नगरवासियों को यह विश्वास भी दिलाया गया कि सीआरपीएफ का उद्देश्य केवल नक्सलवाद उन्मूलन ही नहीं, बल्कि आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्मित करना भी है।
इस दौरान सीआरपीएफ 188वीं बटालियन के कमांडेंट भावेश चौधरी ने बताया कि विगत दिनों जगदलपुर में आयोजित सीआरपीएफ के स्थापना दिवस परेड में शामिल होने के लिए सीआरपीएफ महिला बटालियन ने दिल्ली से जगदलपुर के लिए बाइक रैली निकाली थी। देश भर में जगह जगह पर उनका स्वागत भी हुआ था। लेकिन हमें यह जानकारी मिली है कि महिला बटालियन का जिस तरह से केशकाल के नगरवासियों, स्कूली बच्चों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर हाथ मे तिरंगा झंडा लिए हुए, भारत माता के जयकारों के साथ पुष्पवर्षा कर सीआरपीएफ की महिलाओं का स्वागत किया वैसा अद्भुत स्वागत और कहीं देखने को नहीं मिला था। इस स्वागत को देख कर बाइकसवार महिला बटालियन भी अभिभूत हो गईं थीं।
भावेश चौधरी ने बताया कि सीआरपीएफ देश का पहला ऐसा सुरक्षा बल है जिसमें विगत वर्ष 1988 में ही सम्पूर्ण महिला बटालियन का गठन किया गया है। साथ ही वर्तमान में बस्तर बटालियन के रूप में सीआरपीएफ ने केवल बस्तर के युवक युवतियों की भर्ती शुरू की है। आज स्कूली बालिकाओं को यह भी बताया गया है कि यदि वह भविष्य में पढ़ लिखकर सुरक्षा के क्षेत्र में सेवाएं देना चाहती है तो उनके लिए सीआरपीएफ बेहतरीन विकल्प है। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान, पार्षद अनिल उसेंडी, वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्यक्ष, फिरोज मेमन, कम्पनी कमांडर गुफरान अहमद, प्राचार्या अनिता झा समेत समस्त स्टाफ व सीआरपीएफ 188 बटालियन के जवान भी मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 31 मार्च। केशकाल में कोरोना वायरस ने एक बार फिर दस्तक दी है। शुक्रवार को कोरोना संक्रमित एक युवक की पुष्टि हुई है।
बताया जा रहा है कि संक्रमित युवक पेशे से चाय नाश्ता की टपरी लगता है। बीते कुछ दिनों से उसकी तबियत भी खराब चल रही थी। उपचार से पहले हुई कोविड जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल उक्त युवक व उसके पूरे परिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उसे आवश्यक दवाइयां भी दे दी गईं हैं।
खबर की पुष्टि करते हुए खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमृतलाल रोलहेडकर ने बताया कि संक्रमित युवक पिछले 3 दिनों से बीमार था। शुक्रवार सुबह वह इलाज के लिए अस्पताल आया था। जहां रैपिड एंटीजन किट में जांच के दौरान उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि युवक को वैक्सीन की तीनों डोज भी लग चुकी है। फिलहाल इसकी जानकारी मिलते ही हमनें युवक व उसके पूरे परिवार को होम आइसोलेशन में रहते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी है। साथ ही केशकाल एसडीएम को भी अवगत करवा दिया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 31 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम पुन: अपने विधानसभा मुख्यालय केशकाल लौट आए हैं। केशकाल आते ही विधायक ने पूर्व की भांति ही अपने कार्यालय में जनचौपाल लगाना, गांव गांव में जाकर जनसंपर्क करना, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का सिलसिला भी शुरू हो गया हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह से ही विधायक निवास में जनचौपाल लग गया था। जहां केशकाल विधानसभा अंतर्गत तीनो विकासखंड से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अपनी अपनी मांग व समस्याओं को लेकर पहुंचे थे।
इस दौरान विधायक संतराम नेताम ने बारी बारी से सभी ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं को सुना। साथ ही अधिकांश सामान्य मांगों को तत्काल पूर्ण करने का आश्वासन भी दिया है। वहीं ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को विधायक ने तत्काल फ़ोन के माध्यम से निर्देशित किया। इसके साथ ही विधायक निवड में दूर दराज से आए समस्त ग्रामीणों के लिए जनचौपाल के पश्चात भोजन की व्यवस्था भी रखी गई थी।
कोण्डागांव, 31 मार्च। बाबा साहेब सेवा संस्था कार्यालय में चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मनाई गई । सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर तथा संस्था के सदस्यों ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला एवं पदाधिकारीयों के द्वारा स्वतंत्र रूप से अपने-अपने विचार अभिव्यक्त किये गये । इस अवसर पर मानव समाज तथा विश्व शान्ति के लिए उनके द्वारा किए गये नेक कार्यो को पुन:स्मरण किया गया । तथा सम्राट अशोक अमर रहे नगरों से गुंजायमान किया गया । इस सुअवसर पर संस्था के पी पी गोडांने ,अध्यक्ष मारकण्डेय , सचिव रमेश पोयाम , देवानंद चौरे , सदस्य हितेंद्र कुमार श्रीवास एवं अनेकों अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे ।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 31 मार्च। नाबालिग के साथ बलात्कार के आरोपी को कोर्ट ने बीस वर्ष कारावास एवं अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।
लोक अभियोजक दिलीप जैन ने घटना के संबंध में विस्तृत तौर पर बताया कि पीडि़ता घटना मजदूरी कार्य करने जगदलपुर गयी थी वहीं आरोपी पालेश्वर कार्राम भी काम करता था, काम करने के दौरान आरोपी से पीडि़ता का परिचय हुआ। आरोपी ने काम के दौरान पीडि़ता को अपने साथ रखा था । आरोपी ने अपने साथ रखने के दौरान पीडि़ता के साथ कई बार बलात्कार किया और उससे कहता था कि उससे प्यार करता हूंू शादी करूंगा। आरोपी उसे उसके मोबाईल के माध्यम से किसी से बात करने भी नहीं देता था।
एक दिन आरोपी ने अपने मोबाईल को चार्ज में लगाया था तब उसने आरोपी से छुप कर अपने घर में फोन करके घटना के विषय में बताया और ले जाने के लिए बुलाया तब उसे घर लेकर आये।
पीडिता के पिता/ प्रार्थी के द्वारा आरोपी के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने पर थाना कोण्डागांव में आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण कि संपूर्ण विवेचना पश्चात् अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।
कोण्डागांव जिले के अपर सत्र न्यायाधीशए एफ.टी.एस.सी.(पाक्सो), कोण्डागंाव के न्यायाधीश कमलेश कुमार जुर्री ने प्रकरण का विचारण कर प्रकरण के तथ्य एवं परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए अभियुक्त को धारा 373 भा.दंस. मेे 5 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 1000 रू.के अर्थदण्ड, धारा 366क भा.दंस. मेे 05 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 1000 रू.के अर्थदण्ड, धारा 376(2)(ढ) भादवि में 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा और 1000 रू. के अर्थदण्ड,एवं धारा 06 लैंगिंग अपराधों का सरंक्षण अधिनियम 2012 के तहत 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा और 1000/- रूपये के अर्थदंड ,अर्थदण्ड की राशि अदा नहीं होने के व्यतिक्रम पर क्रमश: 1-1-1 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास पृथक से भुगतने का आदेश पारित किया गया है ।
नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष का उद्घाटन
कोण्डागांव, 31 मार्च। विकास नगर कोंडागांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में जिलाधीश एवं पदेन अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति दीपक सोनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा विद्यालय में नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष का उद्घाटन से किया गया।
उपस्थित सदस्यों का पुष्प एवं बच्चों द्वारा स्वागत गीत से अतिथि सत्कार किया गया। प्राचार्य संजय सिंह द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय स्थापना की योजना उद्देश्य और जनवि कोंडागांव की उपलब्धियों और आवश्यकता की जानकारी दी गई।
शिक्षा सत्र 2022- 23 में शैक्षणिक उपलब्धि हासिल के लिए गीतांश छठवीं वंदना सातवीं आयाम श्रीवास्तव आठवीं मनस्वी नवमी कुमारी यशस्वी राणा 11वीं खेलकूद एवं विशेष उपलब्धि के लिए देवअंश सोनबोईर कु निधि नेताम, जागृति ठाकुर मनोज कोर्राम, वंशिका पल शेखर लवात्रे, वेणु, मुक्तेश्वरी अरमान कुलदीप को जिलाधीश दीपक सोनी डिप्टी कलेक्टर अंकित चौहान जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल के हाथों प्रशस्ति पत्र एवं स्मृतिचिन्ह प्रदानकर उत्साहवर्धन किया गया।
पीटीसी मेंबर शिवचरण साहू द्वारा कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर को पालकों की ओर से काष्ठ शिल्प भेंटकर अभिनंदन किया गया। बैठक एजेंडा में नवोदय विद्यालय के स्थाई प्रांगण निर्माण बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के निदान हेतु चिकित्सक सुविधा अस्थाई भवन की शेड की मरम्मत नगर पालिका से पेयजल सुविधा खेल सामग्री एवं भौतिक संसाधन की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान डिप्टी कलेक्टर अंकित चौहान अशोक पटेल हवलदार सुब्रता शाह सीएमएचओ आर के सिंह नगर पालिका सीएमओ दिनेश डे पीटीसी मेंबर शिवचरण साहू, संचिता मेश्राम ईई अरुण शर्मा अमरू मरकाम व्याख्याता राजेश तिवारी निर्मल शार्दुल एवं शाला के शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। वॉइस प्राचार्य अनुप्रिया स्वराज द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।
कोण्डागांव, 31 मार्च। राज्य शासन की बेरोजगारी भत्ता योजनान्तर्गत बेरोजगारी भत्ता के लिए 1 अप्रैल से आवेदन करने हेतु वेबसाईट www.berojgaribhatta.cg.nic.in पर लॉगिन कर सकते हैं। नया खाता बनाये एवं अपना मोबाईल नंबर दर्ज करना होगा एवं ओटीपी प्रविष्ट कर लॉगिन करें, बेरोजगारी भत्ता के ऑनलाइन फार्म में अपनी समस्त जानकारी प्रविष्ट कर समस्त आवश्यक प्रमाण पत्रों को पीडीएफ फॉरमेट में अपलोड करना होगा । पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन करने के उपरान्त आवेदन का प्रिंट निकाल लेवें एवं निर्धारित तिथि को अपने सम्पूर्ण प्रमाण पत्रों के साथ स्वयं, सबंधित कलस्टर के निर्धारित पंजीयन केन्द्र में उपस्थित होवें । जिले के जनपद पंचायतों तथा नगरीय निकायों में कुल 77 कलस्टर बनाये गये हैं। जिसके तहत कोण्डागांव ब्लॉक में 25, माकड़ी में 10, फरसगांव में 12, केशकाल में 13 तथा बड़ेराजपुर में 7 कलस्टर बनाये गये हैं। वहीं नगर पालिका परिषद कोण्डागांव में 4, नगर पंचायत फरसगांव में 3 एवं नगर पंचायत केशकाल में 3 कलस्टर बनाये गये है। पंजीकृत मोबाइल पर सूचना तिथि, समय एवं स्थान की सूचना दी जायेगी। जहां आप अपने मूल दस्तावेजों के साथ स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन करवा सकते हैं।
बेरोजगारी भत्ता की पात्रता- छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो 01 अप्रैल को आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष,मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम हायर सेकेण्डरी (कक्षा 12 वीं )उत्तीर्ण हो, कक्षा 12 वीं अथवा उच्च शैक्षणिक योग्यता का रोजगार पंजीयन न्यूनतम 02 वर्ष पुराना होना आवश्यक है। परिवार की समस्त स्रोतों से कुल वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार से अधिक न हो।
बेरोजगारी भत्ता हेतु अपात्रता की शर्तें में परिवार के एक ही सदस्य को बेरोजगारी भत्ता स्वीकृत किया जायेगा। आवेदक के परिवार का कोई भी सदस्य केन्द्र अथवा राज्य सरकार के किसी भी संस्था अथवा स्थानीय निकाय में चतुर्थ श्रेणी अथवा समूह डी को छोडक़र अन्य किसी भी श्रेणी की नौकरी में होने पर आवेदक बेरोजगारी भत्ता के लिए अपात्र होगा। पेंशनभोगी जो 10 हजार रूपये या उससे अधिक की मासिक पेंशन प्राप्त करते हैं, उनके परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होंगे। ऐसे परिवार जिन्होंने पिछले असेसमेंट ईयर में इनकम टैक्स भरा हो उनके परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होंगे। अन्य पेशेवर जैसे इंजीनियर, डॉक्टर, वकील चार्टड एकाउन्टेंट और पेशेवर निकायों के साथ पंजीकृत आर्किटेक्ट के परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होंगे।
बेरोजगारी भत्ता हेतु आवश्यक दस्तावेजों में सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी निवास एवं आय प्रमाण पत्र (आवेदन तिथि से 01 वर्ष के अंदर बना हो), कक्षा 10 वीं एवं 12वीं की अंकसूची, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर, नवीनतम रंगीन फोटो जिले में किसी भी बैंक में बैंक खाता प्रस्तुत करना होगा।
बेरोजगारी भत्ता हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र भरने के बाद आवेदकों को भौतिक सत्यापन हेतु संबंधित कलस्टर में अपने मूल अंकसूची और प्रमाणपत्रों के साथ स्वयं उपस्थित होना होगा। भौतिक सत्यापन के पश्चात पात्र पाये जाने वाले आवेदकों को प्रतिमाह निर्धारित बेरोजगारी भत्ता सीधे बैंक खाते में प्रदान किया जाएगा।