कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 31 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम पुन: अपने विधानसभा मुख्यालय केशकाल लौट आए हैं। केशकाल आते ही विधायक ने पूर्व की भांति ही अपने कार्यालय में जनचौपाल लगाना, गांव गांव में जाकर जनसंपर्क करना, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का सिलसिला भी शुरू हो गया हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह से ही विधायक निवास में जनचौपाल लग गया था। जहां केशकाल विधानसभा अंतर्गत तीनो विकासखंड से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अपनी अपनी मांग व समस्याओं को लेकर पहुंचे थे।
इस दौरान विधायक संतराम नेताम ने बारी बारी से सभी ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं को सुना। साथ ही अधिकांश सामान्य मांगों को तत्काल पूर्ण करने का आश्वासन भी दिया है। वहीं ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को विधायक ने तत्काल फ़ोन के माध्यम से निर्देशित किया। इसके साथ ही विधायक निवड में दूर दराज से आए समस्त ग्रामीणों के लिए जनचौपाल के पश्चात भोजन की व्यवस्था भी रखी गई थी।