ताजा खबर

राष्ट्रपति ने मीडिया से निर्भीक होने, सच्चाई के साथ खड़े रहने को कहा
28-Aug-2024 7:23 PM
राष्ट्रपति ने मीडिया से निर्भीक होने, सच्चाई के साथ खड़े रहने को कहा

नयी दिल्ली, 28 अगस्त। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को मीडिया से निर्भीक होकर रिपोर्टिंग करने और सच्चाई के साथ खड़े होने को कहा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि चौथा स्तंभ देश और समाज को आकार देने में बड़ी भूमिका निभा रहा है।

पीटीआई की स्थापना की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में समाचार एजेंसी के संपादकों से मुलाकात करने वाली राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि देश को आगे ले जाने में हर किसी की अपनी एक जिम्मेदारी है और यह महत्वपूर्ण है कि देश को कैसे प्रस्तुत किया जाता है।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मीडिया को निर्भीकता से काम करना चाहिए। कभी सत्य से हटना नहीं चाहिए।’’

मुर्मू ने महिलाओं के खिलाफ यौन और शारीरिक हमलों की हालिया घटनाओं पर आक्रोश जताते हुए पीटीआई के लिए एक विशेष लेख भी लिखा है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों के चलते देश भर में व्यापक प्रदर्शन हुए हैं।

लेख को लेकर उन्होंने टिप्पणी की, ‘‘आप एक पत्रकार हैं लेकिन आप एक नागरिक भी हैं। मैं भी एक नागरिक हूं। आप जितने चिंतित हैं, मैं भी उतनी ही चिंतित हूं।’’

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मीडिया देश और समाज को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।’’

मुर्मू ने रवींद्रनाथ टैगोर की प्रसिद्ध कविता ‘‘व्हेयर द माइंड इज विदाउट फियर’’ को याद करते हुए कहा, ‘‘मुझे कभी-कभी पीड़ा होती है क्योंकि एक तरफ हम महिलाओं को देवी के रूप में पूजते हैं लेकिन यह रोजमर्रा के व्यवहार में प्रतिबिंबित नहीं होता।’’

यह उल्लेख करते हुए कि मीडिया की छवि खराब नहीं होनी चाहिए, मुर्मू ने कहा, ‘‘अपनी छवि भी खराब न हो। लोगों का विश्वास जीतना चाहिए।’’

पीटीआई के 77वें स्थापना दिवस पर अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की आजादी के कुछ ही दिनों बाद ‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया’ की स्थापना की गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह समाचार एजेंसी अपनी स्थापना के बाद से ही राष्ट्र की यात्रा को लिपिबद्ध करने में उल्लेखनीय भूमिका में रही है।’’

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पीटीआई भारत की पत्रकारिता के सबसे अपरिहार्य हिस्सों में से एक रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसने (पीटीआई) समाचार लेखन और रिपोर्टिंग के उच्चतम मानकों को बरकरार रखा है। परिणामस्वरूप, इसे उच्च विश्वसनीयता हासिल है और यह एक प्रेरणादायक मॉडल बनी हुई है।’’

मुर्मू ने कहा कि भारत में पीटीआई की भूमिका महत्वपूर्ण रही है क्योंकि निष्पक्ष तरीके से समाचारों का समय पर प्रसार लोकतंत्र के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि पीटीआई उत्कृष्टता का स्तर ऊंचा उठाती रहेगी और आने वाले दशकों तक लोकतंत्र की सेवा करती रहेगी। पीटीआई से जुड़े सभी लोगों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’ (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news