राजनांदगांव

पारंपरिक खेलकूद में महिलाओं ने लिया बढ़-चढक़र हिस्सा
11-Aug-2021 5:55 PM
पारंपरिक खेलकूद में महिलाओं ने लिया बढ़-चढक़र हिस्सा

विधायक ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 11 अगस्त।
हरियाली व खुशियाली के प्रतीक छग के पहले पर्व हरेली की रविवार को जगह-जगह धूम रही। कृषि उपकरणों के साथ-साथ पशुधन का पूजा-अर्चना हुआ और छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेलकूद का आयोजन हुआ। छत्तीसगढ़ी खेल स्पर्धा गेड़ी दौड़, फुगड़ी, कबड्डी, खो-खो, मटका फोड, रस्सा खींच, बैल दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों के अलावा महिला-पुरूषों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्व का आनंद उठाया।

ग्राम पेंदलकुही में रविवार को ब्लॉक स्तरीय हरेली महोत्सव का आयोजन हुआ। विधायक छन्नी साहू मुख्य अतिथि व अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष कुमारी जुरेशिया ने किया। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, जनपद में गौठान समिति अध्यक्ष खोमेन्द्री गांवरे, जनपद सदस्य यमुना कोमरे, कांग्रेस नेता छोटेलाल कटेंगा, दिलीप जुरेशिया, धर्मेन्द्र साहू, ललित साहू, पार्षद मुकेश सिन्हा, बिटटु रब्बानी, अफसान खान, सरपंच टेमन कोमरे शामिल हुए। हरेली महोत्सव का आयोजन पेंदलकुही के गौठान में हुआ। 

कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि उपकरणों व पशुधन की पूजा-अर्चना कर किया गया। इस दौरान विधायक द्वारा गौठान में महिला समूह द्वारा तैयार किए गए जैविक खाद व बाडी का निरीक्षण किया गया। हरेली महोत्सव के अवसर पर यहां छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेलकूद स्पर्धा भी संपन्न हुई और विजेताओं को विधायक श्रीमती साहू ने पुरस्कृत भी किया। सभा के दौरान स्वागत भाषण में सरपंच टेमन कोमरे ने पंचायत की गतिविधियों की जानकारी देते विकास के लिए विधायक श्रीमती साहू से विकास कार्यों की मंजूरी देने की मांग की।

हरेली महोत्सव में विधायक श्रीमती साहू व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कांग्रेस सरकार द्वारा ढाई वर्ष में पूरे किए गए वायदों व विकास कार्यों की जानकारी दी। विधायक श्रीमती साहू ने कांग्रेस की भूपेश सरकार को गांव, गरीब, किसान मजदूर की सरकार बताया। उन्होंने छग सरकार की नरूवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय एवं भूमिहीन मजदूर तथा मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते कहा कि ऐसी योजना, किसान हितैषी भूपेश सरकार ही चला सकती है। ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया। सभा का संचालन शिक्षक श्री अंबादे व आभार ज्ञापन सरपंच टेमन कोमरे ने किया।

इस अवसर पर सीईओ बीपी चुरेन्द्र, तहसीलदार एचएन खुंटे, एसडीओ कृषि, एसडीओ आरईएस सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि पशु चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारीगण एवं बिहान समूह से जुड़ी महिलाएं एवं बड़ी संख्या में पेंदलकुही के ग्रामीणजन उपस्थित थे।

तीन दर्जन किसानों को सिंचाई पंप
हरेली महोत्सव के दौरान परियोजना अधिकारी आईडब्लूएमपी 9 साल्हे कुसुमकसा नाला के जलग्रहण समिति ओटेबांधा व कुसुमकसा द्वारा ओटेबांधा, कुसुमकसा, साल्हे कुसुमकसा व सिंगरायटोला के तीन दर्जन कृषकों को सिंचाई के लिए पेट्रोल व डीजल पंप का वितरण किया गया। कृषकों को सिंचाई के लिए यह पंप स्थानीय विधायक छन्नी साहू के हाथों मिला। 

कौडूटोला में मनाया गया हरेली महोत्सव
ग्राम कौडूटोला में हरेली महोत्सव का आयोजन किया गया। कौडूटोला गौठान में आयोजित हरेली महोत्सव में ब्लॉक अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशेष अतिथि जिला कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री उदेराम साहू, जिला कांग्रेस सचिव बेनीप्रसाद साहू, पार्षद मनीष बंसोड, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री शमीमुद्दीन कुरैशी, विनोद डेहरिया उपस्थित थे। गौठान में हरेली महोत्सव का शुभारंभ अतिथियों ने कृषि उपकरणों व पशुधन की पूजा-अर्चना कर किया। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news