राजनांदगांव

कांकेर मुठभेड़ के विरोध में नक्सल बंद कल, पुलिस हाईअलर्ट
24-Apr-2024 12:56 PM
कांकेर मुठभेड़ के विरोध में नक्सल बंद कल, पुलिस हाईअलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अप्रैल।
कांकेर जिले के कलपर में हुए मुठभेड़ के विरोध में नक्सलियों ने 25 अप्रैल को मोहला-मानपुर समेत नारायणपुर और कांकेर जिले में बंद का आह्वान किया है। 

नक्सलियों की ओर से एक पत्र जारी कर 29 साथियों की मुठभेड़ के जरिये  नरसंहार करने का आरोप लगाया गया है। नक्सलियों ने मुठभेड़ में शामिल अफसरों से लेकर नेताओं को सजा देने की भी धमकी दी है। मोहला-मानपुर के दो नक्सली घटना में मारे गए हैं। मोहला-मानपुर जिले को बंद करने के नक्सल पर्चे मिलने के बाद पुलिस हाईअलर्ट में है। 

बताया जा रहा है कि पैरामिलिट्री फोर्स और नक्सल विरोधी अभियान में शामिल जवानों को मुस्तैद रहने कहा गया है। जिले के अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाया गया है। 
मतदान से एक दिन पूर्व नक्सल बंद के कारण पुलिस काफी सतर्कता बरत रही है। आला अफसर सूचना तंत्र के जरिये परिस्थिति पर नजर रखे हुए हैं। कांकेर में मोहला-मानपुर के दो नक्सली विनोद गावड़े और रीता उर्फ रामको दर्रो भी पुलिस की गोली के शिकार हुए। 

दोनों हलोरा पंचायत के रहने वाले हैं। इन पर लाखों रुपए का ईनाम भी घोषित था। नक्सलियों को इस घटना से काफी तगड़ा झटका लगा है। इसी के चलते विरोध स्वरूप बंद का आह्वान किया गया है।

पुलिस को अंदेशा है कि नक्सली बंद के दौरान हिंसक वारदात कर सकते हैं। समूचे जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news