राजनांदगांव

पेट्रोल-डीजल में वैट घटाने और धान खरीदी शुरू करने भाजपा का सांकेतिक चक्काजाम
20-Nov-2021 2:02 PM
पेट्रोल-डीजल में वैट घटाने और धान खरीदी शुरू करने भाजपा का सांकेतिक चक्काजाम

  पार्रीनाला मोड़ पर जिलाध्यक्ष यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन     

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 नवंबर।
पेट्रोल-डीजल के दाम में वैट टैक्स घटाने और तत्काल धान खरीदी शुरू किए जाने की मांग को लेकर शनिवार को भाजपा ने  नेशनल हाईवे पार्रीनाला मोड़ के पास सांकेतिक चक्काजाम किया। भाजपा का आरोप है कि लगातार पेट्रो उत्पादों के दाम बढऩे के लिए कांग्रेस और छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र पर निशाना साधती रही है। अब जबकि केंद्र ने वैट टैक्स घटाकर पेट्रो उत्पादों के दाम कम किए हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार ने अब तक केंद्र के निर्णय के अनुसार अपना फैसला नहीं किया है। जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में सांकेतिक चक्काजाम करते भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर हमला किया।

भाजपा नेताओं का कहना है कि देश के कई राज्यों ने 10 से 15 रुपए वैट टैक्स घटाकर जनता को राहत दी है। छत्तीसगढ़ सरकार ने अब तक इस निर्णय पर अपना रूख साफ नहीं किया है। इधर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नीलू शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के वैट टैक्स घटाने के निर्णय के बाद न सिर्फ भाजपा शासित बल्कि गैर भाजपा राज्यों ने वैट टैक्स को कम किया है। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा यह मांग कर रही है कि भूपेश सरकार इस पर तुरंत फैसला ले, ताकि महंगाई भी कम हो। इस बीच भाजपा और भाजयुमो के संयुक्त प्रांतव्यापी सांकेतिक चक्काजाम के तहत आज राजनंादगांव शहर में भी चक्काजाम कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रही।

सांकेतिक चक्काजाम में खूबचंद पारख, सचिन बघेल, किशुन यदु, आलोक श्रोती, मोनू बहादुर सिंह, प्रखर श्रीवास्तव, आशीष जैन, आशू कसेर, आकाश चोपड़ा, तरूण लहरवानी, मधु बैद, शेखर यादव, राजेश यादव, मणिभास्कर गुप्ता, लोमेश वर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

प्रदेश सरकार के विरुद्ध भाजपा उठाएगी कड़ा कदम
भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कांग्रेस की नीतियों पर जमकर प्रहार करते कहा कि पिछले ढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में दोमुंहेपन और गलत बयानबाजी का रिकॉर्ड कायम किया है। वह हर उस बात का ठिकरा भाजपा पर फोडऩे की कोशिश करती है। जिसकी जिम्मेदार वह स्वयं होती है। मोदी ने बड़ा दिल दिखाते 10 रुपए डीजल पर और 5 रुपए पेट्रोल की कीमत कम कर एक बड़ा फैसला लिया है। इसके बाद प्रदेशों से भी यह अपेक्षा थी कि वह वैट कम कर जनता को राहत देगी, लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस विषय पर भी केवल और केवल निम्न स्तरीय, निंदनीय राजनीति कर रहे हैं, यह दुखद है। उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि पेट्रोल व डीजल पर टैक्स का बड़ा हिस्सा राज्यों को सीधे मिलता है। 25 प्रतिशत तो सीधे वैट के रूप में और फिर 1/2 रुपए सेस के रूप में कांग्रेस ले रही है। सेस के पैसे का क्या करती है वह, यह भी नहीं बताती। इसके अलावा केंद्र प्रवर्तित विभिन्न योजनाों में राज्यों को जो पैसे मिलते हैं, उसका एक बड़ा हिस्सा एक्साइज से आता है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news