राजनांदगांव

23 के बाद किसी भी दिन निकाय चुनाव अधिसूचना संभव
21-Nov-2021 1:16 PM
23 के बाद किसी भी दिन निकाय चुनाव अधिसूचना संभव

23 को राज्य निर्वाचन आयोग कलेक्टर -एसपी संग बैठक

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 नवंबर।
राज्य निर्वाचन आयोग 23 नवंबर के बाद किसी भी दिन निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। इस बात की पूरी संभावना है कि संबंधित निकायों के जिले के कलेक्टर और एसपी के साथ आयोग 23 नवंबर को एक अहम बैठक करेगा। इसके बाद किसी भी दिन निकाय चुनाव का बिगुल बज सकता है। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ नगर पालिका में भी चुनाव होंगे। इसके अलावा राजनांदगांव शहर के वार्ड नं. 17 के रिक्त पार्षद पद के लिए भी चुनाव होंगे।

सूत्रों का कहना है कि 23 नवंबर को राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव वाले जिलों के कलेक्टर-एसपी को बैठक के लिए आमंत्रित किया है। बैठक का पूरा एजेंडा निकाय चुनाव की तैयारियों से जुड़ा हुआ है। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद से ही निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। खैरागढ़ नगर पालिका में 20 वार्डों में पार्षद चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। निर्वाचन संबंधित कार्यों के लिए कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने डिप्टी कलेक्टर विरेन्द्र सिंह को उप निर्वाचन अधिकारी का कार्यभार सौंपा है। विरेन्द्र सिंह पिछले दिनों राजधानी रायपुर में आयोग की बैठक में शामिल हुए थे। उन्होंने चुनाव की पूरी प्रशासनिक तैयारी को लेकर आयोग को जानकारी दी है।

कोरोना संकट के चलते प्रत्यक्ष चुनाव पर रोक थी। इससे पहले भी खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव की तिथि टलती रही है। इस बार कोरोना के रफ्तार कम होते ही आयोग ने पालिका चुनाव संपन्न करने की तैयारी कर ली है। उधर राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 में भी पूर्व महापौर स्व. शोभा सोनी के असामायिक निधन से खाली पड़े पार्षद पद के लिए भी मत डाले जाएंगे। राजनांदगांव जिले में खैरागढ़ और शहर के नगर निगम के वार्ड नं. 17 में उप चुनाव होंगे। खैरागढ़ नगर पालिका में पिछली बार कांग्रेस ने भाजपा को मात दी थी। कांग्रेस की मीरा चोपड़ा पहली महिला अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुई थी। इस बार खैरागढ़ के मतदाता प्रत्यक्ष के बजाय अप्रत्यक्ष प्रणाली से अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। यानी मतदाता द्वारा चुने गए पार्षद ही अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।

खैरागढ़ में वर्चुअल कार्यक्रम के जरिये सीएम ने दी करोड़ों की सौगात
खैरागढ़ नगर पालिका के अधोसंरचना और विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को वर्चुअल कार्यक्रम के जरिये करोड़ों रुपए की सौगात  दी है। माना जा रहा है कि संभावित निकाय चुनाव के जरिये सरकार ने नगर पालिका के लिए विकास कार्य  की राशि मंजूर की है। खैरागढ़ नगर पालिका में पिछले  दो साल से प्रशासक ही शहर के विकास कार्यों की निगरानी कर रहे थे। अध्यक्ष मीरा चोपड़ा कार्यकाल पूर्ण होने के बाद पद से हट गई थी। प्रशासन ने स्थानीय अफसरों को विकास कार्यों की जवाबदारी दी थी। मिली जानकारी के मुताबिक वर्चुअल कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सिन्हा समेत अन्य अफसर खैरागढ़ में उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news