राजनांदगांव

मन लगाकर पढ़ाई करने से बनता है सफलता का रास्ता
03-Dec-2021 5:07 PM
मन लगाकर पढ़ाई करने से बनता है सफलता का रास्ता

कलेक्टर ने बच्चों को दी सामान्य ज्ञान की जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 दिसंबर।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा गुरुवार को छुईखदान और खैरागढ़ के धान खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान ग्राम अचानकपुर के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में शाम को अचानक बच्चों से मिलने पहुंचे, जहां शिक्षक बच्चों की कक्षाएं ले रहे थे। कलेक्टर सिन्हा स्कूल में शाम को शिक्षकों द्वारा बच्चों को पढ़ाते देखकर प्रभावित हुए और शिक्षक को पेन देकर उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों को सामान्य अध्ययन से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से पहाड़ा पूछा। कक्षा सातवीं के विद्यार्थी विकास जंघेल ने पहाड़ा सुनाया, तो उन्होंने प्रभावित होकर उसे अपना पेन दिया।

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि पढ़ाई वह हथियार है, जिसकी सहायता से हम कोई भी जंग जीत सकते हैं। मेहनत से पढ़ाई करने से कोई भी मंजिल कठिन नहीं है। प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस, आईपीएस बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करने से सफलता का रास्ता बनता है।

उन्होंने बताया कि पढ़ाई से ही आज हमारे देश के नागरिक विदेशों के उत्कृष्ट कंपनियों के सर्वोच्च पद पर पदस्थ हैं। इसी तरह हम भी पढ़ाई करके हर कार्य संभव कर सकते हैं। इस दौरान उन्होंने बच्चों को राजनीतिक विज्ञान के बारे में जानकारी दी। साथ ही जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन के बारे में जानकारी ली।

इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सुनील वर्मा, जिला खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, प्राचार्य पन्नालाल जंघेल, शिक्षक गल्लाराम गोडग़े, प्रमोद कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news