राजनांदगांव

सुदेश के प्रभार क्षेत्र रिसाली में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन
26-Dec-2021 12:19 PM
सुदेश के प्रभार क्षेत्र रिसाली में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन

   नवगठित ननि में कांग्रेस होगी सत्तासीन  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 दिसंबर।
भिलाई नगर निगम से पृथक होकर बने नए नगर निगम रिसाली में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन रहा। नगरीय निकाय चुनाव में राजनंादगांव के पूर्व महापौर सुदेश देशमुख को सांगठनिक और चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने लगातार प्रचार और बैठकों के जरिये रणनीति तैयार की। नतीजतन कांग्रेस का निकाय चुनाव में दबदबा रहा। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के नेतृत्व में श्री देशमुख ने संगठन के चुनावी रणनीति को मूर्तरूप दिया। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करते हुए भाजपा के जीत के ख्वाब को चकनाचूर कर दिया। पूर्व महापौर देशमुख कांग्रेस की सियासत में अनुभवी माने जाते हैं। राजनांदगांव नगर निगम में महापौर रहते उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए थे। वह चुनावी समीकरण के तहत  विपक्षी दलों को मात देने का तरीका बखूबी जानते हैं, जिसके चलते रिसाली में कांग्रेस का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा।


जामुल में दिखी नीलू की सांगठनिक क्षमता
जामुल नगर पालिका में भाजपा ने प्रदेश में कांग्रेस की लहर होने के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश में जहां एकतरफ कांग्रेस के सामने कई निकायों में भाजपा टिक नहीं पाई। वहीं जामुल में भाजपा ने चुनाव प्रभारी नीलू शर्मा के सटीक रणनीति के दम पर कांग्रेस को मात दी। कांग्रेस इस निकाय में 5 सीटों तक ही सीमित रह गई। कांग्रेस को उम्मीद नहीं थी कि यहां हार का सामना करना पड़ेगा। नीलू शर्मा प्रदेश के अच्छे प्रवक्ता होने के साथ-साथ सियासी तीर साधकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की काबिलियत भी रखते हैं। जामुल में मिली जीत के बाद उनका प्रदेश की राजनीति में कद बढ़ गया है। इस जीत के चलते नीलू को प्रदेशभर के पूर्व मंत्रियों, विधायकों तथा पदाधिकारियों ने बधाई दी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news