राजनांदगांव

सेतु अफसरों पर निर्माण स्थल बदलने का आरोप
15-Jan-2022 4:37 PM
सेतु अफसरों पर निर्माण स्थल बदलने का आरोप

खुज्जी क्षेत्र के धनगांव-घुमरचुवा पुल के स्थान बदलने के विरोध में ग्रामीणों का भूख हड़ताल की धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी।
खुज्जी क्षेत्र के धनगांव-घुमरचुवा के बीच प्रस्तावित नवीन पुल निर्माण के लिए तय स्थान से परे दूसरी जगह निर्माण किए जाने के मामले को लेकर ग्रामीणों ने सेतु विकास निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ल गभग 8 करोड़ की लागत से पुल निर्माण के लिए वर्चुअल उद्घाटन किया गया था। जिसके तहत धनगांव-घुमरचुवा मार्ग में पुल की मंजूरी दी है।

शनिवार को निर्माण के संबंध में पत्रकारवार्ता में छुरिया जनपद के पूर्व सदस्य देवप्रकाश मंडावी ने अपने साथियों समेत आरोप लगाया कि सेतु निर्माण की तय जगह को सुनियोजित तरीके से अफसरों ने बदल दिया। अफसरों ने धनगांव-घुमरचुवा के बजाय दाऊटोला-मानिकपुर के बीच पुल का निर्माण शुरू कर दिया। पत्रकारवार्ता में सेतु निर्माण के अधिकारियों पर षडयंत्र रचने का आरोप लगाते कहा कि सेतु निर्माण के अधिकारियों  ने मिलीभगत कर स्थान को ही बदल दिया है। जबकि धनगांव-घुमरचुवा की मांग वर्षों पुरानी है। इस पुल के निर्माण होने से शिवनाथ नदी के दूसरे छोर में स्थित लगभग डेढ़ दर्जन गांव को फायदा मिलता।

इधर पत्रकारवार्ता में क्षेत्रीय विधायक छन्नी साहू पर भी अप्रत्यक्ष रूप से ग्रामीणों ने निशाना साधा है। उनका कहना है कि इस मुद्दे पर विधाायक ने अपना रूख साफ नहीं किया है। माना जा रहा है कि क्षेत्रीय विधायक  के अनबन के चलते इस मामले को उठाया जा रहा है। इसमें उनके घोर विरोधी तरूण सिन्हा भी शामिल है। इन संबंध में विधायक श्रीमती साहू ने ‘छत्तीसगढ़’  से चर्चा में कहा कि अधिकारियों को तय स्थान पर ही निर्माण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थल चयन के बाद तकनीकी कारणों से भी अधिकारी  स्थान बदलते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के पूरे मामले में जानकारी ली गई है। कुल मिलाकर पुल निर्माण के नाम पर एक बार फिर विधानसभा में आपसी टकराव सामने आया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news