कोण्डागांव

धान खरीदी की तिथि बढ़ाने पर विधायक संतराम ने सीएम को दिया धन्यवाद
23-Jan-2022 9:16 PM
धान खरीदी की तिथि बढ़ाने पर विधायक संतराम ने सीएम को दिया धन्यवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 23 जनवरी।
धान खरीदी की तिथि बढ़ाने पर विधायक संतराम नेताम ने क्षेत्र के समस्त किसानों की ओर से मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है।

समूचे बस्तर संभाग में विगत दिनों लगातार हुई बेमौसम बारिश के चलते धान उपार्जन केंद्रों में चल रही धान खरीदी काफी प्रभावित हुई थी, वहीं धान खरीदी की अंतिम तिथि को भी कुछ दिन ही शेष रह गए थे, ऐसे में क्षेत्र के किसानों को धान बेचने से वंचित होने की संभावना थी। किसानों की समस्या को गंभीरतापूर्वक लेते हुए केशकाल विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने विगत 14 जनवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर बस्तर संभाग में धान की खरीदी की समय सीमा में बढ़ाने का आग्रह किया था। फलस्वरूप मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी की निर्धारित तिथि में सात दिनों की वृद्धि करने की घोषणा की है। अब धान की खरीदी 31 जनवरी से बढक़र 7 फरवरी कर दी गयी है, इसके लिए केशकाल विधायक संतराम नेताम ने क्षेत्र के समस्त किसानों की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद दिया है।

इस बारे में विधायक संतराम नेताम ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी स्वयं एक किसान के बेटे हैं, वह किसानों का दर्द बखूबी जानते हैं, इसलिए उन्होंने हमारी मांग को गंभीरतापूर्वक लेते हुए धान खरीदी की निर्धारित तिथि में एक सप्ताह की वृद्धि कर दी है। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश लेम्प्सों में लगभग किसानों से धान की खरीदी की जा चुकी है, जो पंजीकृत किसान शेष रह गए हैं, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, प्रत्येक किसान का धान आगामी 7 फरवरी तक खरीद लिया जाएगा। किसानों का दुख और तकलीफ समझते हुए किसानों के हित में निर्णय लेने के लिए मैं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी को धन्यवाद देता हूं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news