दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा,16 फरवरी। दंतेवाड़ा के तहसील कार्यालयों में शासकीय कार्य ठप हो गए हैं। रायगढ़ जिले में वकीलों द्वारा नायब तहसीलदार व कर्मियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के विरोध में तहसीलदार सहित राजस्व अमला की हड़ताल जारी है।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ में वकीलों द्वारा तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की गई थी। उक्त घटना के विरोध में कनिष्ठ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा समूचे राज्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल आयोजित की गई है। बुधवार को उक्त हड़ताल का तीसरा दिन था।
संघ के पदाधिकारियों ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि हमारी तीन सूत्रीय मांगे हैं, जिनमें घटना के जिम्मेदार लोगों की त्वरित गिरफ्तारी प्रमुख है। इसके साथ ही राज्य शासन द्वारा तहसीलदार को 1-4 की सुरक्षा मुहैया कराई जाए। जिससे तहसील अमले को कार्य करने में सुविधा मिले। वहीं राज्य शासन द्वारा ऐसे उपाय किए जाएं जिससे भविष्य में उक्त घटना की पुनरावृत्ति ना हो। इस दौरान संघ के सदस्यों में यशोदा केतारप, पंकज ध्रुव, हुलेश्वर खुंटे, विजय कोठारी और महेश कश्यप प्रमुख रूप से उपस्थित थे।