राजनांदगांव

शादी समारोह में नाचते 18 लाख के 4 ईनामी नक्सली पकड़ाए
21-Apr-2022 1:51 PM
 शादी समारोह में नाचते 18 लाख के 4 ईनामी नक्सली पकड़ाए

  दो एरिया कमेटी मेम्बर और एक महिला शामिल   
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 21 अप्रैल।
महाराष्ट्र की गढ़चिरौली पुलिस ने एक शादी समारोह में थिरकते 4 ईनामी नक्सलियों को धरदबोचा है। गढ़चिरौली पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सलियों का एक ग्रुप नेलगोंडा एरिया के एक नक्सल समर्थक के घर शादी समारोह में शिरकत करने आ रहा है। पुलिस ने तगड़ी घेराबंदी कर नक्सलियों को वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान दबोच लिया। नक्सल  मोर्चे में गढ़चिरौली पुलिस के लिए यह कामयाबी इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि जवानों के सपड़ में आए नक्सलियों में 2 एरिया कमेटी मेम्बर के नक्सली हैं। वहीं पुलिस ने एक महिला नक्सली को भी शादी के जश्न मनाते गिरफ्तार किया है। इस तरह कुल 4 नक्सलियों को पुलिस ने पुख्ता सूचना के दम पर गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक गढ़चिरौली जिले के दक्षिणी इलाके भामरागढ़ क्षेत्र में एक नक्सल समर्थक के घर वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था। पुलिस ने नक्सलियों के आने की भनक के बाद घेराबंदी कर गांव में सी-60 के जवानों को तैनात कर दिया। पुलिस की सूचना सही निकली और बापू  उर्फ रामजी दोघे (30 वर्ष) एसीएम कंपनी नं. 10 को गिरफ्तार किया। बापू पर 8 लाख का ईनाम घोषित है। इसी तरह 6 लाख के ईनामी मारूति उर्फ अंतूराम उर्फ मानिक साधु गावड़े (34 वर्ष ) भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।  मारूति गट्टा दलम में बतौर एरिया कमेटी के मेम्बर के तौर पर सक्रिय रहा है। पुलिस ने एक महिला नक्सली सुमन उर्फ जनी कोमटी (24 वर्ष) और  अजीत उर्फ भरत को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पर महाराष्ट्र सरकार ने 2-2 लाख रुपए का ईनाम घोषित कर रखा था। इस संबंध में गढ़चिरौली नक्सल डीआईजी संदीप पाटिल ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों को सूचना के आधार पर पकड़ा गया है। सभी पर लाखों रुपए का ईनाम घोषित था। गिरफ्तार नक्सलियों में मारूति छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के सरहद पर हुए कई हिंसक वारदातों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल रहा है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news