बलरामपुर

रामानुजगंज में भीषण जल संकट के खतरे के बीच अम्बिकापुर की 6 सदस्य टीम गेट सुधार करने पहुंची
01-May-2022 8:23 PM
रामानुजगंज में भीषण जल संकट के खतरे के बीच अम्बिकापुर की 6 सदस्य टीम गेट सुधार करने पहुंची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज,1 मई। नगर में भीषण जल संकट के खतरे के बीच प्रभारी मंत्री शिव डहरिया एवं विधायक बृहस्पत सिंह के निर्देश के बाद अंबिकापुर से जल संसाधन विभाग विद्युत यांत्रिकी लाइट एवं मिशनरी उप संभाग अम्बिकापुर की 6 सदस्य टीम आज एनीकट गेट सुधार करने के लिए पहुंची। साथ ही जल संसाधन विभाग जनप्रतिनिधियों की राय से एनीकट को उपयोगी बनाने के लिए कार्ययोजना भी बना रही है।

गौरतलब है कि एनीकट का गेट एनीकट निर्माण होते ही क्षतिग्रस्त हो गया था। जिस कारण एनीकट से सारा पानी निकल जाता था और एनीकट में पानी का पर्याप्त भंडारण नहीं हो पाता था। इस वर्ष भी अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में ही एनीकट से पूरा पानी निकल जाने के कारण नगर में भीषण जल संकट गहराने लगा है। इस बीच जिले के प्रभारी मंत्री एवं विधायक के निर्देश के बाद कार्यपालन अभियंता संजय ग्रायकर एनीकट का निरीक्षण करने पहुंचे थे, वहीं आज विद्युत यांत्रिकी लाइट एवं मिशनरी उप संभाग अम्बिकापुर से झूमर राम के नेतृत्व में 6 सदस्यीय टीम गेट को सुधारने के लिए पहुंची।

झूमर राम ने बताया कि तीन से चार दिन में गेट को सुधार दिया जाएगा। हेड स्टॉक को आज बनाएंगे, वहीं गेट को निकालने के बाद उसके बाद ही पानी लीकेज कैसे हो रहा है, उसका पता चलेगा जिसे सुधारने के लिए कार्य करेंगे।

बड़ी कार्ययोजना तैयार कर रहा विभाग
विधायक बृहस्पत सिंह के निर्देश के बाद नगर की 25 हजार आबादी के लिए एनीकट उपयोगी बन सके, इसके लिए जल संसाधन विभाग बड़ी कार्ययोजना बना रही है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के जिला प्रवास के दौरान इसकी घोषणा भी हो।

नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि विभाग से विगत कई वर्षों से हम लोगों के द्वारा एनीकट के गेट सुधार करवाए जाने की मांग की जाती है, परंतु अधिकारी इसे अनसुना करते रहे। यदि एनीकेट का गेट पहले बन जाता तो नगर में जो भीषण जल संकट के आसार बन रहे हैं, वह नहीं बनते।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता संजय ग्रायकर ने बताया कि एनीकट के लीकेज गेट को सुधार करवाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, 3 से 4 दिन में गेट को सुधार करा लिया जाएगा। एनीकट नगरवासियों लिए उपयोगी बन सके इसके लिए विस्तृत कार्य योजना जनप्रतिनिधियों की राय से बन रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news