राजनांदगांव

आज खत्म होगा रोजा, कल मनेगी ईद
02-May-2022 3:22 PM
आज खत्म होगा रोजा, कल मनेगी ईद

कोरोना पाबंदी हटने से दो साल बाद होगी सामूहिक नमाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 मई।
पिछले एक माह से कठिन रोजा रखकर खुदा की इबादत कर रहे मुस्लिम धर्मावलंबी 3 मई को ईद-उल-फितर  मनाएंगे। चार अप्रैल से रोजा रखकर हर दिन मुस्लिम बंधु अल्लाह-ता-आला की बंदगी में कुरान शरीफ पढ़ रहे हैं।
सोमवार शाम को रोजा का आखिरी दिन है और इसके बाद कल सामूहिक नमाज के साथ ईद की खुशियां नजर आएंगी। पूरे महीनेभर मुस्लिम समाज के छोटे से लेकर बुजुर्ग ने भी खुदा के सदके में रोजा  रखा। कई घरों में कम उम्र के बच्चों ने रोजा रखकर अपना हौसला दिखाया। मस्जिदों में रोजेदारों ने पवित्र कुरान शरीफ पढक़र अल्लाह से बरकत और रहमत की दुआएं की। महिलाओं ने भी घरों में रोजा रखकर 5 वक्त का नमाज अता किया।

इधर दो साल बाद ईद पर्व को लेकर चौतरफा खुशियों का माहौल बना हुआ है। कोरोना पाबंदी के चलते गुजरे दो साल में सामूहिक नमाज पर रोक थी। इस साल स्थानीय मठपारा स्थित  ईदगाह में सामूहिक नमाज की तैयारी की जा रही है। भीषण गर्मी में नमाजियों के लिए विशेष पंडाल लगाए गए हैं। इस बीच ईद पर्व की तैयारी अंतिम दौर में है।  ‘मीठी सेवई’ की परंपरागत महक भी कल घरों में महकेगी। वहीं समाज के हर वर्ग में घरों को सजाया गया है। मस्जिदों में ईद पर्व को लेकर कुरान शरीफ की आयतें सुनाई जा रही है। शहर के जामा मस्जिद, हन्फी मस्जिद, नूरी मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों को सजाया गया है।

कृत्रिम रौशनी से मस्जिदों का आकर्षण लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। मस्जिदों के बाहर रंग-बिरंगी सेवईयों की खरीदी-बिक्री भी हो रही है। घरों में सेवईयों की खुशबू अभी से बिखरी हुई है। शहर के दिग्गज सामाजिक हस्तियों ने लोगों से शांति और भाईचारा के बीच पर्व मनाने की भी अपील की है। जिसमें प्रमुख रूप से बहादुर अली, रईस अहमद शकील, हफीज खान, अंजुम अल्वी, शाहिद भाई, फिरोज अंसारी,  जावेद अंसारी, आफताब आलम, आसिफ अली, परवेज अहमद (पप्पू) समेत अन्य शामिल हैं।

सामूहिक नमाज में दिखेगा भाईचारा
भाईचारा का संदेश के साथ मुस्लिम धर्मावलंबी कल सुबह 9 बजे स्थानीय मठपारा स्थित ईदगाह में पहुंचकर विशेष नमाज अता करेंगे। 30 दिन के रोजे के बाद ईद पर्व को पारंपरिक रूप से मनाया जाता है। सामूहिक नमाज में आम और खास शामिल होते हैं। कोरोना के कारण दो साल से सामूहिक नमाज पर रोक थी। इस साल हालात बेहतर होने के कारण प्रशासन  ने ईदगाह में नमाज अता करने की व्यवस्था की है। इधर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर  जवानों को तैनात किया है। राजनांदगांव शहर में आपसी प्रेम और एकता का संदेश देने का सालों से रिवाज रहा है। ऐसे में कल मनाई जाने वाली ईद हर तबके के लिए विशेष होगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news