राजनांदगांव

मुद्दों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की हुंकार रैली 14 से
02-Oct-2022 3:21 PM
मुद्दों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की हुंकार रैली 14 से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशव्यापी मुद्दों को लेकर हुंकार रैली करेगी। जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा की जिला बैठक में मोर्चा की जिला प्रभारी व पूर्व मंत्री रमशीला साहू ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार से राज्य की महिलाएं बेहद दुखी व पीडि़त है।

महिलाओं पर अनाचार, अत्याचार लगातार बढ़ता जा रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त हो गई है। प्रदेश में महिलाओं के रोजगार के सबसे बड़े साधन रेडी-टू-ईट को अपने निहित स्वार्थ के चलते कांग्रेस सरकार ने ठेकेदार को सौंप दिया है। महिला स्व-सहायता समूहों के कर्जमाफी का कांग्रेसी वायदा झूठा साबित हो रहा है। इन तमाम मुद्दों को लेकर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सडक़ पर उतरने की जंगी तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसके लिए प्रदेशव्यापी कार्यक्रम की घोषणा करते उन्होंने कहा कि 01 व 02 अक्टूबर को विधानसभा स्तरीय बैठके होगी। जिसमें विधानसभा के सभी प्रमुख कार्यकर्ता, मंडल कार्यसमिति व शक्ति केन्द्र के लोग उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार 07 से 11 अक्टूबर तक ग्राम स्तर पर, बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क की योजना बनाई गई है। जिसमें रसोईया, स्व-सहायता समूह, बिहान, विद्या-मितान, रेडी-टू-ईट के लोग, सामाजिक संगठन में कार्यरत बहने, राम मंडली की बहने, आंगनबाड़ी, मितानिन इत्यादि वर्ग को आमंत्रित कर उनसे संपर्क किया जाएगा। इसी दौरान पोस्टर, पाम्पलेट का वितरण, दीवार लेखन, का कार्य भी किया जाएगा। महिला ग्राम चौपाल लगाकर जूलूस निकालकर जनजागरण किए जाने की रणनीति है।

बैठक के संबंध में जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष किरण साहू ने बताया िक महीनेभर तक चलने वाले इस अभियान में 14 से 15 अक्टूबर तक तहसील स्तर पर रैली निकाली जाएगी। स्थानीय स्तर पर निवासरत् कांग्रेस विधायक व कांग्रेसी नेताओं के घर के सामने हल्ला बोलकर घेराव तथा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी तरह 18 से 19 अक्टूबर तक जिला स्तर पर कार्यक्रम होंगे। 28 अक्टूबर विधानसभा स्तरीय समस्त मोर्चा-प्रकोष्ठों के साथ स्कूटी रैली निकालने का कार्यक्रम है। इसी प्रकार 3 नवंबर को बिलासपुर में विशाल महतारी हुंकार रैली का आयोजन किया जा रहा है। जिसके जरिये राज्य की झूठी सरकार को बेनकाब किया जा सके। बैठक को महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा मेश्राम व जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने भी संबोधित किया।

इस दौरान गीता साहू, मिथलेश्वरी वैष्णव,व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news