राजनांदगांव

बिहान मेला जैसे प्रयास से समाज में आती है जागृति, खुलते हैं विकास के रास्ते- छन्नी
09-Dec-2022 3:15 PM
बिहान मेला जैसे प्रयास से समाज में आती है जागृति, खुलते हैं विकास के रास्ते- छन्नी

विधायक ने महिला समूह का बढ़ाया हौसला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 दिसंबर।
जनपद पंचायत छुरिया के शा. उ. मा.विद्यालय प्रांगण में गत् दिनों राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना अंतर्गत महिला समूह के लिए बिहान मेला का आयोजन किया गया। बिहान मेला का आयोजन जिला प्रशासन एवं कलेक्टर डोमन सिंह के मार्गदर्शन व नेतृत्व में किया गया। बिहान मेला में लगभग 7 हजार से अधिक लोगों ने लुत्फ उठाया। बिहान मेले में 30 महिला समूह ने स्टाल के माध्यम से अपने यहां उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी व बिक्री की। बिहान मेला का आयोजन होने से 1730 महिला समूह को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए एक बेहतरीन प्लेटफार्म मिला। मेले में समूह की महिलाओं के लगभग 2 लाख 18 हजार रुपए के उत्पादों की बिक्री हुई। खुज्जी विधायक छन्नी साहू एवं कलेक्टर डोमन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने महिला समूह के स्टाल में पहुंचकर महिला समूह द्वारा उत्पादित सामग्री का अवलोकन किया। इस दौरान खुज्जी विधायक श्रीमती साहू ने कहा कि समूह की महिलाओं के प्रयास से समाज में जागृति आती है। महिलाओं के अग्रणी भूमिका में आगे आने से विकास की राह खुलती है। उन्होंने महिला समूह को उनके इस प्रयास के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि समूह की महिलाओं के द्वारा काफी अच्छा प्रयास किया गया है। समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। कलेक्टर ने कहा कि महिला समूह जागरूक होकर समाज में आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं के प्रयास से समाज में नए-नए आयाम बनते हैं और विकास का आगाज होता है। 21 दिसम्बर को डोंगरगढ़ में बिहान मेला का आयोजन किया जाएगा। जिले में सभी विकासखंडों में बिहान मेला का आयोजन होगा। इस दौरान एसडीएम डोंगरगांव सुनील नायक उपस्थित रहे।

बिहान मेला में मोबाईल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 210 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बिहान मेला में 17 महिला समूह को एनआरएलएम योजना अंतर्गत 64 लाख रुपए की ऋण स्वीकृति का चेक वितरित किया गया। विधायक श्रीमती साहू ने समूह की महिलाओं को चेक व प्रशस्ति पत्र वितरित किया। बिहान मेला में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले, पैरादान, वर्मी उत्पादन, आदर्श गौठान, स्वसहायता समूह की उत्पादों की बिक्री व बैंक सखी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला समूह को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के डीपीएम उमेश तिवारी एवं उनकी टीम उपस्थित थी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news