राजनांदगांव

लगातार दूसरे दिन भी छाए रहे बादल
12-Dec-2022 1:31 PM
लगातार दूसरे दिन भी छाए रहे बादल

मैंडूस तूफान के असर से तापमान बढ़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 दिसंबर।
लगातार दूसरे दिन भी मैंडूस तूफान के असर से बदली का मौसम रहा। सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान  30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। यानी पिछले कुछ दिनों पड़ी ठंड तूफान के असर के कारण गायब हो गई। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिन में मौसम  साफ होते ही ठंड वापस लौटेगी। मैंडूस तूफान के कारण रविवार का पूरा दिन बदलीभरा रहा। दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी से गर्मी का अहसास हुआ। बादल छाये रहने से सुबह कहीं-कहीं कोहरा भी नजर आया।

धुंध छाने से वाहन चालकों को मामूली दिक्कतें हुई। दो दिन के भीतर तापमान 5 डिग्री से ऊपर बढ़ गया। अधिकतम तापमान 30 डिग्री में जाकर ठहरा रहा। उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं जरूर आ रही है, लेकिन बदली के असर से वातावरण में थोड़ी गर्माहट भी है। हालांकि शाम का मौसम दिन की तुलना में ठंडकता का अहसास करा रहा है। बदली के कारण  मौसम में आए बदलाव से इंसानी जीवन के दिनचर्या पर असर पडऩे की आशंका जताई जा रही है।

लोगों को मामूली सर्दी और खांसी की भी शिकायतें बदले हुए मौसम में बढ़ी है। इधर चिकित्सकों द्वारा भी बच्चों और बुजुर्गों से ठंड से बचने सलाह दी जा रही है। इधर आसमान से बादल छंटते ही तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड बढऩे की संभावना है।  बताया जा रहा है कि तूफान के असर से मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई है।

 गर्म कपड़ों का सजा बाजार
तापमान गिरने और ठंड बढऩे के साथ ही गर्म कपड़ों का बाजार भी शहर में सज गया है। बाजार क्षेत्र के दुकानों और सडक़ किनारे फुटपाथों में लगे गर्म कपड़ों की दुकानों में लोगों की भीड़ भी दिखाई देने लगी है। शहर के गोलबाजार समेत बूढ़ासागर व नवीन गुरूद्वारा भवन के पास गर्म कपड़ों के व्यापारी अपनी दुकानों को सजाए हुए हैं। यहां शहर के अलावा आवागमन करने वाले लोग गर्म कपड़ों की खरीदी करने पहुंच रहे हैं। इसक अलावा शहर के अलग-अलग हिस्सों में गर्म कपड़ों के कारोबारियों ने दुकानें लगाई हुई है। इधर मौसम के उतार-चढ़ाव और तापमान गिरने से गर्म कपड़ों की मांग भी बनी हुई है। जिससे लोग गर्म कपड़ों की खरीदी करने पहुंच रहे हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news