राजनांदगांव

क्रिसमस पर्व पर ईसाई समुदाय के घरों में गाये जा रहे कैरोल सांग
22-Dec-2022 1:04 PM
क्रिसमस पर्व पर ईसाई समुदाय के घरों में गाये जा रहे कैरोल सांग

  प्रभु यीशु मसीह की स्तुति गान से जुड़े धार्मिक गीत से पर्व की बढ़ी रौनक  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 दिसंबर ।
ख्रीष्ट जयंती यानी क्रिसमस पर्व के लिए महज तीन दिन शेष रह गए हैं। आगामी 25 दिसंबर रविवार के दिन ईसाई धर्मावलंबी  शांतिदूतक प्रभु यीशु मसीह की जयंती के खास मौके पर क्रिसमस पर्व मनाएगा। चर्चों को खूबसूरत रूप दिया गया है। घरों में मानव कल्याण के पुरोधा प्रभु यीशु के जन्मदिवस को मनाने के लिए कई तरह की तैयारी चल रही है। ईसाई समुदाय घर-घर जाकर कैरोल सांग गा रहा है। जिसमें प्रभु यीशु के स्तुति गान से जुड़े धार्मिक गीत गाए जा रहे हैं। घर-घर पहुंचकर  गीतों के जरिये प्रभु यीशु के जीवनकाल और उनके आध्यात्मिक विचारों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

शहर के मार्थोमा चर्च में समाज द्वारा पिछले कुछ दिनों से घरों में कैरोल सांग गाने के लिए सामुहिक रूप से लोग पहुंच रहे हैं। अलग-अलग दिनों में समाज के लोग कैरोल सांग गाने के लिए घरों में पहुंचकर रतजगा कर रहे हैं। मार्थोमा चर्च द्वारा हर साल कैरोल सांग गाने के लिए समाज के लोग एक-दूसरे के घरों में पहुंचते हैं। कैरोल सांग की आवाज सुनकर गैर ईसाई वर्ग भी काफी प्रभावित हो रहा है।

बताया जाता है कि कैरोल सांग एक रिवाज के तौर पर गाया जाता है। समाज के लोग ऐसे मौके को  धार्मिक नजरिये से काफी महत्व देते हैं। कैरोल सांग गाने वालों का बकायदा मेजबानों द्वारा आवभगत भी किया जाता है। प्रभु यीशु के जीवनकाल से जुड़ी गीतों को मधुर आवाज देकर समाज के लोग काफी उत्साहित हैं। कैरोल सांग गाने वालों में प्रमुख रूप से मार्थोमा चर्च के  फादर नेरविन मैथ्यू, सॉजी जार्ज, शानू वर्गीस, आनंद वर्गीस, पीसी जेम्स, जोसफ अब्राहम, शैनी जेम्स, जिंसी थॉमस तथा डॉ. मोन्सी वर्गीस शामिल हैं।

इधर बाजार में क्रिसमस पर्व से हलचल दिख रही है। घरों का रंग-रोगन का कार्य अंतिम दौर में है। बाजार में खरीददारी के लिए समाज के लोग पहुंच रहे हैं। कपड़े और अन्य घरेलू सामानों की खरीदी-बिक्री तेज हुई है। तोहफे और उपहार के दुकानों में भी भीड़ बढ़ी है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news