राजनांदगांव

146 महिलाओं ने दिखाया अपने हुनर का जादू
22-Dec-2022 1:47 PM
146 महिलाओं ने दिखाया अपने हुनर का जादू

विधायक व बैंक अध्यक्ष ने बिहान मेला का किया शुभारंभ
महिला समूह को डेढ़ करोड़ की बैंक ऋण की स्वीकृति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 दिसंबर।
स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर डोंगरगढ़ में बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विकासखंड स्तरीय बिहान मेला का आयोजन किया गया। बिहान मेला में लगभग 10 हजार से अधिक नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी। डोंगरगढ़ विधायक  भुनेश्वर बघेल एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान द्वारा बिहान मेला का शुभारंभ किया गया। विधायक बघेल ने कहा कि समूह की महिलाओं का उत्साह और यह प्रयास देखकर प्रसन्नता हो रही है। स्टॉलों में विभिन्न तरह के उत्पाद उपलब्ध है। समूह की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने समूह की महिलाओं को मार्गदर्शन देकर प्रोत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि बिहान मेला में 52 महिला समूह की 146 महिलाओं ने अपनी भागीदारी देकर साबित कर दिखाया कि महिला समूह अब हर बाधा और संघर्ष को तोड़ते अपनी कामयाबी की राह खुद लिखने चल पड़ी है।  महिला समूह ने 2 लाख 55 हजार रुपए की बिक्री की हैं। बैंक लिंकेज के माध्यम से महिला समूह को अपना रोजगार स्थापित करने के लिए 1 करोड़ 44 लाख रुपए  की ऋण स्वीकृति विभिन्न बैंकों द्वारा दी गई। इस अवसर पर समूह की महिलाओं को विभिन्न कार्यों के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया।

महिला समूह के काम को सम्मान देना प्रमुख उद्देश्य
कलेक्टर डोमन सिंह ने  कहा कि महिला समूह द्वारा जो रास्ता चुना गया है, वह उनके हुनर को साबित करते उन्हें स्वालंबन की राह में ले जाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाये हैं। कलेक्टर ने कहा कि महिला समूह के काम को सम्मान देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना बिहान मेला आयोजित करने का प्रमुख उद्देश्य है। कलेक्टर ने कहा कि अच्छी पैकेजिंग करें।  इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने कहा कि महिला समूह आज हर क्षेत्र में अपने आपको साबित कर रही है। यह महिला समूहों की सामूहिक सहभागिता और अपने कार्य के प्रति लगन से हो रहा है। उन्होंने महिला समूह से कहा कि एक-दूसरे के कार्यों को देखें और अच्छे कार्यों का अनुशरण भी करें। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ गिरीश रामटेके उपस्थित थे।

समूह को किया सम्मानित
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में अपने उत्कृष्ट कार्यों से अमिट छाप छोडऩे वाले महिला समूह को सम्मानित करते उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। स्वच्छता, कुपोषण मुक्ति, वर्मी कंपोस्ट निर्माण के क्षेत्र में अपनी पहचान और अन्य महिला समूह के लिए प्रेरणा स्रोत बनने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। स्वच्छता के क्षेत्र में महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन के उपयोग करने और इसके फायदे के लिए महिलाओं को जागरूक करने के लिए ग्राम बागरेकसा की गोदावरी निषाद को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार उत्कृष्ट कंपोस्ट खाद बनाने के लिए बजरंगीडीह की महिला समूह को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। सामुदायिक बाड़ी उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्राम सहसपुर के 10 सफल उद्यमी को पुरस्कृत किया गया।  इस अवसरपर एनआरएलएम के डीपीएम श्री उमेश तिवारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news