महासमुन्द

कर्मा नृत्य 40 वर्ष से अधिक में द्वितीय, निबंध प्रतियोगिता 15-40 वर्ष में प्रथम स्थान मिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जनवरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्तरीय युवा महोत्सव 2022-23 का आयोजन 28 से 30 जनवरी तक साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में आयोजित किया गया। खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद मनोज घृतलहरे ने बताया कि इसमें महासमुंद जिले के 15 विधाओं में शामिल हुए। जिसमें लोकनृत्य, लोकगीत, कर्मा नाचा, मृदंगम, पारंपरिक वेशभूषा, खो-खो, कबड्डी, रॉक बैंड, निबंध, वाद-विवाद, तात्कालिक भाषण, ओडिसी नृत्य, गिटार वादन, तबला वादन की विधा शामिल है। पहले दिन के विधा में बेलडीह सरायपाली, महासमुंद ने संभाग रायपुर में कर्मा नृत्य 40 वर्ष से अधिक में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
इसी तरह निबंध प्रतियोगिता 15-40 वर्ष में मिथिलेश कुमार चंद्राकर जिला महासमुंद संभाग रायपुर ने ’प्रथम स्थान’ प्राप्त किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता डंडा नृत्य में 40 वर्ष से अधिक में रेवा मोंगरापाली बागबाहरा जिला महासमुंद संभाग रायपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तात्कालिक भाषण में अंकित भोई ने अच्छी प्रस्तुति दी। कबड्डी महिला 40 वर्ष से अधिक में फ़ाइनल में प्रवेश किया एवं दूसरे दिन फाइनल मैच में हार कर ’उप विजेता’ बनी। जिसमें प्रमिला निषाद, रेवती ध्रुव, धान बाई, ईश्वरी केंवट, डूमरौतिन बाई,रामेश्वरी, द्रोपदी, लीलाबाई शामिल हैं।
लोकनृत्य डंडा नाचा 40 वर्ष से अधिक में जिला महासमुंद संभाग रायपुर पदक जीतने में सफल रही। महासमुंद की खो खो पुरुष 40 वर्ष से अधिक की टीम फ ाइनल में जगह बनाने में सफल रही। इस टीम ने सेमीफाइनल में सरगुजा संभाग को 2 अंकों के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया तथा फाइनल में दुर्ग को हराकर विजेता बनी। इस टीम में सुनील भोई, हेमसागर, खीरसागर, सरजू भोई, रतिराम, दुखीश्याम, कुंतल, संजय, गंगाधर, पवन, मदन, खामसिंग ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इसी तरह पारंपरिक वेशभूषा में हेमिन ठाकुर जिला महासमुंद संभाग रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गिटार वादन में कुबेर साहू जिला महासमुंद संभाग रायपुर ने द्वितीय स्थान किया। जिले के दल को शामिल करने में नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर मिशा कोसले, खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे, उप निरीक्षक कपिलेश्वर पुष्पकार, व्याख्याता आरती सोनी, व्यायाम शिक्षक सेवनदास मानिकपुरी, कुमार आदित्य विक्रम, बासुदेव पटेल, शिक्षक माधुरी ध्रुवंशी, हेमलता, ममता ठाकुर,रूपलाल साहू, चंपालाल डडसेना, ऋषि साहू, शुभम कुमार पांडे, दुर्गा भोईहार व राजेश दीवान का सहयोग रहा।