कोण्डागांव
केशकाल, 19 फरवरी। केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आंवरी में शनिवार शाम 35 वर्षीय महिला ने अपने ही कमरे में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। मामले में केशकाल पुलिस ने मर्ग पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विनोद साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधियारिन बाई प्रतिदिन की तरह शनिवार दोपहर को अपने परिवार के सदस्यों के साथ खेत गई हुई थी। दोपहर लगभग 2.30 बजे वह वापस घर आकर सो गई थी। तभी लगभग 3 बजे उसकी छोटी बेटी ने देखा कि उसकी मां अपने ही कमरे में फांसी लगा लिया है। देखते ही उसने अपने पिता को सूचना दी।
हालांकि मृतिका के पति ने तत्काल फंदा काट कर उसे नीचे जरूर उतार लिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दम घुटने की वजह से उसकी मौत हो गई थी। फिलहाल हमने शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। हमारी टीम परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या का कारण पता करने में जुट गई है।