राजनांदगांव

डोंगरगढ़ में एक हजार जवानों को सुरक्षा का जिम्मा
21-Mar-2023 12:41 PM
डोंगरगढ़ में एक हजार जवानों को सुरक्षा का जिम्मा

अंजोरा से डोंगरगढ़ तक पदयात्रियों की पंडालों में होगी सेवा
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 21 मार्च।
बुधवार 22 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र पर्व के लिए डोंगरगढ़ से अंजोरा तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जाएंगे। तकरीबन 10 दिनों तक जवानों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। 500-500 के दो दल मेला प्रांगण और पदयात्री मार्ग में तैनात किए जाएंगे। नेशनल हाईवे अंजोरा से राजनांदगांव शहर के गौरीनगर पहुंच मार्ग के चौराहे  को पदयात्रियों की आवाजाही के लिए प्रशासन ने वन-वे मार्ग घोषित किया है। नवरात्र पर्व के दौरान राजनांदगांव शहर में भारी वाहनों की आवाजाही अगले 10 दिनों तक प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन और सामाजिक संगठन तकरीबन 50 से ज्यादा सेवा पंडाल में पदयात्रियों की सेवा करेंगे। पदयात्रियों की सेहत और खानपान की व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए आला अफसर और सामाजिक प्रमुख पंडालों में डटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि मेला व्यवस्था के लिए एक हजार जवानों की मांग की गई थी। राजनांदगांव जिले के अलावा कवर्धा, बालोद और कांकेर जिले से जवान भी सुरक्षा मोर्चे पर तैनात रहेंगे।

प्रशासन ने पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर अंजोरा-डोंगरगढ़ मार्ग में जगह-जगह बेरिकेट्स भी लगाए हैं। भारी संख्या में पदयात्रियों की आने की संभावना के चलते प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त माने जाने वाले पाईंट पर विशेष सावधानी बरतने से जुड़ी व्यवस्था की है। कल 22 मार्च से 30 मार्च तक नवरात्र पर्व में भक्त देवी मंदिरों में पहुंचेंगे। प्रशासन ने सीमावर्ती राज्यों के  श्रद्धालुओं के लिए भी एक निर्धारित रूट तय कर दिया है। चार पहिया वाहन से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था डोंगरगढ़ के कॉलेज के सामने स्थित मैदान को तैयार किया गया है। वहीं राजनांदगांव से मुरमुंदा होकर डोंगरगढ़ जाने वाले भक्तों के लिए क्षीरपानी परिसर के सामने स्थित मैदान को पार्किंग बनाया गया है। चैत्र नवरात्र में श्रद्धालुओं के हुजूम उमडऩे के दौरान स्थिति को सम्हालने के लिए क्षीरपानी कार्यालय से लेकर ऊपर मंदिर तक की सीढ़ी मार्ग में जवानों को तैनात किया जाएगा। वहीं रोपवे से ऊपर जाने वाले श्रद्धालुओं की भी सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने मंदिर ट्रस्ट के साथ पुख्ता बंदोबस्त किए हैं।

शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
कलेक्टर डोमन सिंह ने चैत्र नवरात्रि के दौरान दर्शन के लिए बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को दृष्टिगत रखते राजनांदगांव शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश से दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो सकती है, जिसे देखते 20 से 30 मार्च तक राजनांदगांव शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस अवधि में जिला बालोद की ओर से आने वाले वाहनों को मोहारा बायपास से, खैरागढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को गठुला से तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से होकर गुजरने वाले वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर एवं सीआईटी बायपास से डायवर्सन किया गया है।

जलेंगे आस्था के जोत
चैत्र नवरात्र पर्व कल 22 मार्च से शुरू होने के साथ ही मंदिरों और घरों में आस्था के जोत जलेंगे। जिले के डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी मंदिर, पाताल भैरवी मंदिर, पुराना बसस्टैंड स्थित कालीमाई मंदिर समेत अन्य मंदिरों और घरों में नवरात्र पर्व प्रारंभ होने के साथ ही भक्तिमय माहौल बने रहेंगे। चैत्र नवरात्र पर्व आगामी 30 मार्च तक मनाई जाएगी। बर्फानी आश्रम सेवा समिति संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ने बताया कि चैत्र नवरात्रि पर्व बर्फानी आश्रम स्थित  सिद्धपीठ में भी 22 से 30 मार्च तक चैत्र नवरात्र पर्व मनाया जाएगा। चैत्र नवरात्रि 22 मार्च को अविभाज्य मुहूर्त दोपहर 11.36 से 12.24 के मध्य गौरी गणेश नवग्रह स्थापना, गुरु पूजन के पश्चात माई ज्योत व गुरु ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ ही माता व भोलेनाथ की आरती उतारी जाएगी। तत्पश्चात मनोकामना ज्योति कलश रखने वाले श्रद्धालुओं की ज्योति कलश प्रज्ज्वलित की जाएगी। 26 मार्च को नवरात्रि की पंचमी अवसर पर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। महाअष्टमी हवन 29 मार्च को संध्या 5 बजे से संस्था के सदस्यों एवं अन्य श्रद्धालुओं द्वारा किया जाएगा। 30 मार्च को रामनवमी पर भगवान श्रीराम व माता की विशेष महाआरती के पश्चात माता की ज्योत ज्वांरा का विसर्जन किया जाएगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news