दन्तेवाड़ा

बारसूर में पर्यटन को बढ़ावा देने अभियान जोरों पर
15-Jun-2023 9:37 PM
बारसूर में पर्यटन को बढ़ावा देने अभियान जोरों पर

बूढ़ा तालाब का निखरेगा सौंदर्य 

दंतेवाड़ा, 15 जून। दंतेवाड़ा की पर्यटन नगरी बारसूर को पर्यटन के नक्शे पर विशेष स्थान दिलाने जिला प्रशासन का अभियान जोरों पर है। प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पर्यटन नगरी बारसूर के पुरातत्व स्थलों, मंदिरों की ऐतिहासिकता को बरकरार रखते हुए उसे नए स्वरूप दिए जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुरजोर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में बारसूर के पुरातन बूढ़ा सागर तालाब के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत गहरीकरण तेजी से चल रहा है। 

लगभग 72 एकड़ में फैले इस विशाल सरोवर के किनारों पर समय के साथ घनी झाडिय़ों और जलकुंभियों के फैलाव के चलते इसका दायरा सिमटने लगा था। प्रशासन द्वारा संज्ञान लिए जाने पर अब इसके सौंदर्यीकरण का कार्य के अंतर्गत तालाब के गहरीकरण का कार्य जोरों पर है। पर्यटन को आकर्षित करने के लिए इस तालाब के किनारों पर घाट निर्माण, रिटनिंगवाल, पार्किंग स्थल, पौधारोपण कार्य भी किए जाएंगे। इसके अलावा बारसूर रोड में एक भव्य प्रवेश एवं स्वागत द्वार भी निर्माण किया जा रहा है, जो यहां आने वाले पर्यटकों को इस नगरी की ऐतिहासिकता का परिचय देगा। 

कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार द्वारा प्रवेश द्वार निर्माण स्थल, तालाब में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया और कार्य में गति लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप प्रतीकों का समावेश अवश्य किए जाए ताकि इसके प्राचीन समृद्ध विरासत से लोग परिचित हो सकें, साथ ही निर्माण स्थलों के रंग रोगन में भी ऐतिहासिकता का पूट अवश्य होना चाहिए। इसके साथ ही प्राचीन नागफनी मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य यथा बाउंड्री वाल तथा शेड निर्माण कार्य एवं हाउरनार से टेकनार रोड निर्माण कार्य का भी जायजा लेते हुए अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने को कहा। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी गीदम और जनपद पंचायत सीईओ प्रमुख रूप से मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news