महासमुन्द

कार में गुप्त चैम्बर बना व डिक्की के भीतर रखकर 50 लाख की गांजा तस्करी
30-Jun-2023 1:53 PM
कार में गुप्त चैम्बर बना व डिक्की के भीतर रखकर 50 लाख की गांजा तस्करी

दो क्विंटल गांजा संग पश्चिम बंगाल के 2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जून। रेहटीखोल नाके में चारपहिया वाहन से दो क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। यह गांजा ओडिशा से महासमुंद के रास्ते राजधानी रायपुर परिवहन हो रहा था।

ज्ञात हो कि वर्ष 2023 में अब तक 58 प्रकरणों में 110 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 11 करोड़ 2 लाख कीमत का 4408 किलोग्राम गांजा एवं लगभग 2 करोड़ कीमत के 53 वाहन बरामद किया जा चुका है।

आरोपी इस बार जायलो कार में गुप्त चैम्बर एवं डिक्की के भीतर 200 पैकेट में 200 किलोग्राम गांजा ले जा रहे थे। कुल 50 लाख रुपए कीमती इस खेप के साथ सिंघोड़ा पुलिस ने 2  अन्तरराज्यीय आरोपियों को हिरासत में लिया है।

               

 छत्तीसगढ़ राज्य के सीमावर्ती राज्य ओडिशा से लगातार अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन महासमुंद के रास्ते किये जाने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह ने समस्त थाना/चौकी प्रभारियों एवं सायबर सेल की टीम को नशीली पदार्थ, अवैध शराब तथा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा सघन चेकिंग अभियान हेतु निर्देशित किया था।

 29 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि बरगढ़ ओडिशा से अवैध मादक पदार्थ गांजा का बड़ा खेप एक सफेद रंग के जायलो कार में ओडिशा से महासमुंद होते हुए रायपुर छत्तीसगढ़ में लाने वाला है। जिस पर तत्काल पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह ने थाना सिंघोड़ा प्रभारी एवं सायबर सेल की टीम को त्वरित कार्रवाई करने  निर्देशित किया।

इस निर्देश पर महासमुंद जिले में प्रवेश करने वाले समस्त पाईंटों पर बल तैनात कर पुलिस संदिग्ध वाहन की जांच कर रही थी, तभी बरगढ़ ओडिशा की तरफ से एक जायलो कार महासमुंद की ओर आते दिखी। मुखबिर के बताये अनुसार एन-एच.53 रोड ग्राम रेहटीखोल के पास उस कार को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में एक व्यक्ति एवं एक महिला सवार मिले। नाम पता पूछने पर व्यक्ति ने अपना नाम  गणेश मजुमदार उम्र 34 वर्ष सा. गोपालपुर थाना बंशीहारी पश्चिम बंगाल तथा महिला ने अपना नाम लक्ष्मी दुलाई उम्र 29 वर्ष सा. टिकियापारा पश्चिम बंगाल बताया।

कार की तलाशी ली गई तो वाहन के पीछे डिक्की में 8 बोरियों में भरा हुआ कुछ सामान दिखा। जिसे खोलकर देखने पर अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला।  वाहन की सघन तलाशी लेने पर वाहन के पीछे सीट में एक गुप्त चेम्बर बना हुआ था। वहां भी अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। वाहन में कुल 8 प्लास्टिक बोरियों एवं गुप्त चेम्बर में कुल 200 पैकेट कुल 200 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला।

वाहन पर अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दो क्विंटल गांजा कीमती लगभग 50 लाख  रुपए एवं जायलो कार कीमती लगभग 6 लाख रुपए कुल जुमला कीमती लगभग 56 लाख जब्त किया गया।

आरोपी से गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर ओडिशा से लाना और रायपुर छत्तीसगढ़ में बिक्री करना बताया। दोनों के विरूद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस के तहत थाना सिंघोड़ा में कार्रवाई की गई।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news