बीजापुर

कांग्रेस ने छीना पंचायतों का अधिकार, सरपंचों का पता भी नहीं होता और हो जाता है काम-गागड़ा
03-Jul-2023 8:49 PM
कांग्रेस ने छीना पंचायतों का अधिकार, सरपंचों का पता भी नहीं होता और हो जाता है काम-गागड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बीजापुर, 3 जुलाई।
सोमवार को यहां भाजपा  कार्यालय में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कांग्रेस  विधायक विक्रम मंडावी और जिला प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। 

उन्होंने कहा कि भैरमगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में शिव मंदिर तालाब का निर्माण किया गया है।  इस तालाब का निर्माण पहले विधायक मद से किया गया, अब उसी तालाब का निर्माण नगर पंचायत भी कर रहा है। कुटरू में भी  खसरा नंबर 161 में वित्तीय वर्ष 2019 में तालाब निर्माण का कार्य किया गया था। उसी तालाब में 2022 और 2023 भी मरम्मत का कार्य किया गया जो की सीधा-सीधा यहां संदेश देता है कि एक ही तालाब को अलग अलग मदों से निर्माण और मरम्मत का कार्य कराकर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा है। जब इस वर्ष पहली बारिश हुई तो इस  तालाब का मिट्टी किसानों के खेतों में चला गया जिस वजह से किसान चिंतित हो गए और उन्होंने अपने स्वयं के खर्चे पर मिट्टी को हटाया जिससे कि अपने खेतों पर किसानी कर सके। गागडा ने बताया की कुटरू के राजातालाब में सलूजगेट का निर्माण किया जा रहा है ठीक इसके नीचे पोस्ट मेट्रिक कन्या छात्रावास है । बहुत ज्यादा बारिश होने पर कन्या छात्रावास के ऊपर बारिश का असर हो सकता है। ऐसे में किसी भी छात्राओं को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।

 साल भर से किसानों को नहीं मिला गोबर का रूपये - साल भर से कुटरू के आदिवासी किसानों को गोबर का पैसा नहीं मिला है। यह आदिवासी किसान अपने गोबर के पैसों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। किसानों ने बताया कि हम जब भी गोबर के पैसों की बात करते हैं तो हमें संतुष्ट भरा जवाब नहीं मिल पा रहा है। हमें अपने ही पैसों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

 महेश गागड़ा ने बताया कि कई सारे मुद्दों को लेकर रविवार को वे और अन्य भाजपा के नेता कुटरु दौरे पर थे। इस दौरे में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कमलेश मंडावी भी हमारे साथ थे। उसी रात खबर आई कि कमलेश मंडावी के ऊपर एक व्यक्ति ने यह कहते हुए हमला किया कि बहुत बड़े नेता बन गए हो। पूर्व में बीजेपी के दो नेताओं के ऊपर नक्सलियों ने हमला कर उनकी जान ले ली और रविवार को कमलेश मंडावी के ऊपर हुए हमले से भी यही लगता है की ये हमले राजनीति से प्रेरित है। 

भाजपा की सत्ता में हुआ जिले में विकास, कांग्रेस ने बस श्रेय लेने का किया काम 
भाजपा की सत्ता में जिले में बहुत विकास हुआ है चाहे हो इंद्रावती नदी पर पुल, तारुड़ नदी पर पुल  हो या फिर रामपुरम नदी में पुल हो यह सब काम भाजपा की सत्ता में हुआ है। जिले मैं स्पोर्ट्स एकेडमी, जिला अस्पताल,  केंद्रीय विद्यालय या नवोदय विद्यालय या फिर एकलव्य विद्यालय ये सब भाजपा की सरकार में बने है जिसमें हमारे आदिवासी बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे है। कांग्रेस के शासन में सिर्फ छोटे छोटे काम हुए है और उनमें भी भ्रष्टाचार  हो रहा है। विधायक जिले का विकास नहीं बस अपना विकास देखते है। कांग्रेस की सरकार में पंचायतो के  अधिकार तक छीन लिए गए है। अभी सरपंचो के अधिकारों को भी छीन लिया गया है। अभी सरपंच को तक नहीं पता होता है की उनके पंचायतो में कौन से काम हो रहे है।

महेश गागड़ा ने कहा कि विधायक विक्रम मंडावी मेरे टिकट की चिंता न करके वे स्वंय अपने टिकट की चिंता करें।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news