बलौदा बाजार

कांग्रेस किसानों का, भाजपा अडानी अंबानी का कर्ज माफ करती है-भूपेश
27-Oct-2023 7:37 PM
कांग्रेस किसानों का, भाजपा अडानी अंबानी का कर्ज माफ करती है-भूपेश

प्रत्याशियों की नामांकन रैली में शामिल हुए सीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल बलौदाबाजार में आयोजित कांग्रेस की नामांकन रैली में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहर के दशहरा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

भूपेश बघेल ने किसानों का कर्ज माफी करने की घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों का कर्ज माफी करती है भाजपा अडानी अंबानी का कर्ज माफी करती है। मुख्यमंत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।  वहीं महंगी बिजली के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अडानी से अधिक दामों में कोयला खरीदने के चलते बिजली की कीमत बढ़ गई है।

नामांकन रैली में बलौदाबाजार जिले के तीनों सीट बलौदाबाजार विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी, भाटापारा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्र कुमार साव, कसडोल विधानसभा से संदीप साहू ने अपना नामांकन दाखिल किया है।

नामांकन रैली में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर, प्रभारी अशोक आहूजा, विधायक शकुंतला साहू, पूर्व विधायक जनक राम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सरिता ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम गिरी, रूपेश ठाकुर, भुनेश्वर वर्मा, केके नायक, विनोद अग्रवाल, अमर मंडावी, देवा टंडन, बलदाउ साहू, सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

बलौदाबाजार विधायक प्रमोद शर्मा हुए कांग्रेस में शामिल

गुरुवार को नामांकन रैली के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष बलौदाबाजार विधानसभा के विधायक प्रमोद शर्मा ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्हें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेसी गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत प्रवेश दिलाया।

इस अवसर पर विधायक प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी मातृ संस्था है। उन्होंने अपनी राजनीतिक जीवन की शुरूआत कांग्रेस पार्टी से ही की थी। आज उन्हें अपने घर वापसी पर अत्यंत प्रसन्नता है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news