महासमुन्द

धान खरीदी केंद्रों में बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से आज भी धान खरीदी शुरू होने की संभावना नहीं, ट्रायल अब तक पूर्ण नहीं
20-Nov-2023 2:46 PM
धान खरीदी केंद्रों में बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से आज भी धान  खरीदी शुरू होने की संभावना नहीं,  ट्रायल अब तक पूर्ण नहीं

जिले के 182 में से अब तक केवल 100 केंद्रों में ही मशीन बायोमेट्रिक डिवाइस का ट्रायल हुआ है

शेष केंद्रों में भी ट्रायल पूर्ण होने के बाद ही बायोमेट्रिक डिवाइस को शुरू किया जाएगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 नवंबर। जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में धान की खरीदी बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से आज भी शुरू होने की संभावना नहीं है। धान खरीदी शुरू हुए बीस दिन पूरे हो चुके हैं लेकिन अब तक जिले भर के धान उपार्जन केंद्रों में सोमवार तक बायोमेट्रिक डिवाइस से धान खरीदी नहीं हो रही है।

कहा जा रहा है कि जिले के 182 में से अब तक केवल 100 केंद्रों में ही मशीन बायोमेट्रिक डिवाइस का ट्रायल हुआ है। शेष केंद्रों में भी ट्रायल पूर्ण होने के बाद ही बायोमेट्रिक डिवाइस को शुरू किया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक सोमवार से इसे शुरू करने के लिये विभाग तैयारी कर रहा था। लेकिन विधानसभा चुनाव तथा दीपावली त्यौहार की वजह से छुट्टियां अधिक हो गई। फलस्वरूप सभी केंद्रों में डिवाइस का ट्रायल नहीं हो सका है। दीपावली के दौरान 3 दिन तथा शनिवार.रविवार तथा चुनाव को मिलाकर सप्ताह भर खरीदी बंद रही। अब सोमवार से फिर उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू होगी। मिली जानकारी के अनुसार शहर सहित आसपास ग्रामों के खेतों में अब भी नमी बरकरार होने की वजह से हार्वेस्टर खेतों में नहीं चल पा रहे हैं।

ऐसे में किसान खेतों की नमी सूखने का इंतजार कर रहे हैं और उपार्जन केंद्रों में धान की पर्याप्त आवक नहीं हो पा रही है। जिले के दर्जन भर से अधिक ऐसे भी केंद्र हैं जहां आज की स्थिति में भी बोहनी नहीं हो पाई है। संभावना है कि देवउठनी त्यौहार मनाने के बाद ही किसान उपार्जन केंद्रों तक धान लेकर पहुंचेंगे।

विभाग का कहना है कि आगामी सप्ताह भर के भीतर ही खरीदी केन्द्रों में धान की अच्छी आवक शुरू हो जायेगी। मिली जानकारी के अनुसार धान की अवैध आवक को रोकने के लिये इस बार प्रशासन ने बायोमेट्रिक सिस्टम शुरू किया है। इससे न केवल धान की अवैध आवक को रोका जा सकेगा। बल्कि खरीदी कार्य में भी तेजी आयेगी। त्योहार की वजह कुछ दिनों से धान की आवक कम थी। अब एकाएक आवक में इजाफा होगा।

गौरतलब है कि बीते 1 नवम्बर से धान खरीदी होने के बाद जिले के दर्जन भर से अधिक खरीदी केन्द्रों में बोहनी तक नहीं हो सकी है। कारण यह है कि इस बार केवल हरूना वैरायटी के धान की ही कटाई पूरी हो सकी है। जबकि शेष वैरायटियों के धान की कटाई जारी है।

जिला सहकारी बैंक से मिली जानकारी के अनुसार 1 नवम्बर से आज तक की स्थिति में कुल 14630 किसानों ने 601972.40 क्विंटल धान विक्रय किया है। आज की स्थिति में कोमाखान में 84578 क्विंटल, झलप 47798, तेंदुकोना 38390.40, तुमगांव 12542 तोरेसिंहा 73289, पिथौरा 28916, पिरदा 24606, बसना 36728, बागबाहरा 51815, भंवरपुर 46921, महासमुंद 29800, सरायपाली 8289.40, सांकरा में 43696 धान की खरीदी हुई है।

 जिले के सभी केंद्रों में बायोमेट्रिक मशीन मुहैया कराई जा चुकी है। आगामी सोमवार तक मशीनों में सॉफ्टवेयर इंस्टाल किया जा रहा है। अनेक केंद्रों में इसका ट्रायल भी हो चुका है। सभी केंद्रों में ट्रायल उपरांत ही यह सेवा शुरू होगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news