रायपुर

बादल छटते ही पारा गिरा, दिन में भी ठंड का एहसास
14-Dec-2023 6:16 PM
बादल छटते ही पारा गिरा, दिन में भी ठंड का एहसास

तस्वीर/‘छत्तीसगढ़’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 दिसंबर। राजधानी सहित प्रदेशभर में दिन में भी ठंड गुदगुदाने लगी है। प्रदेश में पिछले दिनों हुए बारिश के कारण अब बादल छटने के साथ ही ठंड बढऩे लगी है। दिन और रात के तापमान मेें भी गिरावट दर्ज किया जा रहा है। लोगों को सुबह 10 बजे के बाद ही ठंड से थोड़ी राहत मिलते दिख रही है। वहीं शाम होते ही एक बार फिर ठंड बढऩा शुरू हो जाती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा में परिवर्तन हो गया है और नमी की मात्रा में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

इसकी वजह से अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, जबकि इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके अलावा प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

रायपुर में मौसम साफ रहने के आसार हैं और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, मंगलवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहा और  प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और किसी भी क्षेत्र में बारिश नहीं देखने को मिली। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस डोंगरगढ़ में और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

अधिकतम-न्यूनतम तापमान में दो से 5 डिग्री का अंतर

ठंड आने के बावजूद मौसम विभाग के बीते 30 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार औसत न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री का अंतर देखने को मिल रहा है। बिलासपुर और जगदलपुर में जहां पारा औसत से एक-दो डिग्री ज्यादा है, वहीं अंबिकापुर और दुर्ग में पारा औसत से एक डिग्री कम है। जबकि, रायपुर पारा औसत के बराबर ही चल रहा है। इसके अलावा अधिकतम तापमान औसत से पांच डिग्री तक ज्यादा चल रहा है। यह राजनांदगांव का है। इसके अलावा पेंड्रा रोड और बिलासपुर में अधिकतम तापमान औसत से दो डिग्री कम रहा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news