बस्तर

डीजीपी पहुँचे कैम्प, जवानों से चर्चा, बनाई रणनीति
01-Feb-2024 3:57 PM
डीजीपी पहुँचे कैम्प, जवानों से चर्चा, बनाई रणनीति

जवानों ने कहा इस हमले में कई नक्सली भी हुए हैं घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर,  1 फरवरी।
बुधवार को  पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अतिरिक्त महानिदेशक सीआरपीएफ मध्य जोन  अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल अभियान  विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. एवं महानिरीक्षक सीआरपीएफ साकेत कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी जिला सुकमा के टेकलगुड़ेम कैम्प  पहुंच कर जवानों से रूबरू हुए, वहीं घटना के बारे में वास्तविक जानकारी भी ली। जवानों ने  मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की बात भी कही।

अभियान में शामिल जवानों से बातचीत करने पर यह पता चला कि नक्सलियों के बटालियन नं. 1 के द्वारा जवानों को भारी नुकसान  पहुँचाने की नीयत से मंगलवार को हमला किया गया था। जवानों की बहादुरी, सूझबूझ एवं समझदारी से करीब 4 घंटे तक चली इस मुठभेड़ में 7-8 नक्सलियों को मारे जाने एवं करीब 15-16 नक्सलियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी जवानों को मिली है।

मुठभेड़ में शामिल व नवीन कैम्प टेकलगुड़ेम में तैनात सभी जवानों की अधिकारियों ने हौसला अफजाई की।
पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने बताया कि क्षेत्र की जनता को नक्सल समस्या से मुक्ति दिलाने, क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विकास हेतु बस्तर पुलिस एवं तैनात सुरक्षा बल संकल्पित है। घटना के बाद भी पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा मजबूती से टेकलगुड़ेम गांव में नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित कर समर्पित होकर जनहित में कार्य करते रहेंगे।

ज्ञात हो कि 30 जनवरी को जिला सुकमा के थाना जगरगुण्डा अंतर्गत ग्राम टेकलगुड़ेम में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाओं से लाभ के लिए नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किया गया। नवीन कैम्प टेकलगुड़ेम स्थापना के बाद जोनागुड़ा-अलीगुड़ा क्षेत्र में संयुक्त पुलिस बल जिसमें कोबरा/ एसटीएफ/डीआरजी द्वारा सर्चिंग कार्यवाही के दौरान नक्सलियों द्वारा पुलिस पार्टी पर फायरिंग की गई।

पुलिस पार्टी द्वारा भी नक्सली की फायरिंग का मुहतोड़ जवाब देते हुये जवाबी कार्रवाई की गई, जिससे सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव को देखकर नक्सली सघन जंगल-पहाड़ का आड़ लेकर भाग गये। 

मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों को जिला बस्तर के कोबरा कैम्प करनपुर में आयोजित सलामी/श्रद्धांजलि कार्यक्रम में  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वनमंत्री केदार कश्यप एवं पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अतिरिक्त महानिदेशक सीआरपीएफ अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक  विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज  सुन्दरराज पी., महानिरीक्षक सीआरपीएफ  साकेत कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रद्धांजलि दी गई।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news