महासमुन्द

महतारी वंदन योजना: अब तक 3 लाख आवेदन
13-Feb-2024 3:54 PM
महतारी वंदन योजना: अब तक  3 लाख आवेदन

सर्वर धीमा, 17 हजार 913 आवेदन ही अपलोड 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 फरवरी।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई महतारी वंदन योजना को लेकर जिले की महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। महिलाएं आंगनबाड़ी केंद्रों में बड़ी संख्या में योजना का फॉर्म भरने पहुंच रही हैं। नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी फॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन सर्वर की समस्या से फॉर्म अपलोड नहीं हो रहे हैं।

महासमुंद जिले में साल में 12 हजार रुपए का लाभ लेने 10 फरवरी तक 2 लाख 87 हजार 513 आवेदन जमा हो चुके हैं। यह सभी फॉर्म ऑनलाइन अपलोड भी होंगे, लेकिन सर्वर स्लो होने से केवल 17 हजार 913 आवेदन ही अपलोड हुए हैं। ऐसे में 20 फरवरी तक सभी फॉर्म अपलोड हो पाएंगे इस पर संशय बना हुआ है।

मालूम हो कि महतारी वंदन योजना के तहत वर्ष 2024.25 के बजट में 117 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। प्रतिवर्ष महिलाओं को 12 हजार रुपए मिलेंगे। महतारी वंदन योजना के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की शुरुआत 5 फरवरी से हुई है। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं से आवेदन लिए जा रहे हैं। फॉर्म भरने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में आवेदन कर रहे हैं। जिले में सबसे ज्यादा महासमुंद ब्लॉक से 66521 फॉर्म जमा हुए हैं। इनमें से 4542 फॉर्म ही अपलोड हो पाए हैं। महासमुंद शहरी में 12394, महासमुंद ग्रामीण में 54127, बागबाहरा विकासखंड में 50697, बसना विकासखंड में 56976, सरायपाली विकासखंड में 51476, पिथौरा विकासखंड में 61843 आवेदन मिले हैं।

महतारी वंदन योजना के तहत आवेदन 20 फरवरी तक किया जा सकता है। अनंतिम सूची 21 फरवरी को जारी होगी। अनंतिम सूची पर आपत्ति 21 से 25 फरवरी तक की जा सकती है। आपत्ति का निराकरण 26 से 29 फरवरी तक होगा। अंतिम सूची का प्रकाशन 1 मार्च को होगा और स्वीकृति पत्र 5 मार्च को जारी होगा। पात्र महिला हितग्राही को राशि का अंतरण 8 मार्च को किया जाएगा। महतारी वंदन योजना के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। जो महिलाएं खुद फॉर्म भरना चाहती हैं, वे विभाग की वेबसाइट से भर रही हैं। जो महिलाएं फॉर्म नहीं भर पा रही हैं, उनका फॉर्म आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायत स्तर पर विभाग के कर्मचारियों द्वारा भरा जा रहा है। महिलाओं से ऑफलाइन आवेदन लेने के बाद फॉर्म की एंट्री बाद में विभाग के कर्मचारियों द्वारा की जा रही है। महिलाओं की शिकायत है कि फॉर्म देने के बाद पावती नहीं दी गई है। जबकि ऑफलाइन आवेदन जमा करने वाले हितग्राहियों को पावती देने का प्रावधान है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की महासमुंद शहरी परियोजना अधिकारी शैल नाविक ने बताया कि सर्वर स्लो होने से कम आवेदन अपलोड हो पाए हैं। समय पर सभी आवेदन अपलोड हो जाएंगे। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ऑफलाइन में पावती नहीं देने के संबंध में उन्होंने कहा कि सभी को पावती दी जा रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news