महासमुन्द

महासमुंद: 3 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में साढ़े 32 करोड़ की पहली किश्त अंतरित
11-Mar-2024 2:53 PM
महासमुंद: 3 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में साढ़े 32 करोड़ की पहली किश्त अंतरित

महासमुंद,11मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कल महिलाओं के लिए विशेष दिन रहा। रविवार को प्रदेश सहित जिले के 3  लाख से ज्यादा महिलाओं को 32 करोड़ 59 लाख रुपए की पहली किश्त की राशि रिमोट दबाकर जारी की। महिलाओं में उत्साह देखते ही बन रहा था।

प्रदेश की राजधानी रायपुर के साथ सभी जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, नगरीय निकाय क्षेत्रों में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयोजित कार्यक्रमों से सीधे वर्चुअली जुडक़र महिलाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं के साथ-साथ महासमुंद के 3 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से पहली किश्त का अंतरण किया गया। इससे प्रत्येक माह महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए आएंगे।

स्थानीय शंकराचार्य भवन में दोपहर 11 बजे से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवम कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि संदीप दीवान, पवन पटेल, इंद्रजीत सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।

जिले के सभी ब्लाक मुख्यालय में भी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। बागबाहरा और बसना में कृषि उपज मंडी, पिथोरा में सांस्कृतिक भवन तथा सरायपाली में टाउन हॉल में कार्यक्रम आयोजित हुआ जहां बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। जानकारी अनुसार महतारी वंदन अंतर्गत जिले में कुल 3 लाख 26 हजार 330 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से पर्यवेक्षक द्वारा 3 लाख 25 हजार 957 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। जिनके खाते में 1000 रुपए के मान से 32 करोड़ 59 लाख रुपए अंतरित हुआ।

जिला स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त करने का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर पार्षद  मीना वर्मा, शुभ्रा शर्मा, महेंद्र जैन, मुन्ना देवार, संदीप दीवान,महेंद्र सिक्का,सुरेखा कंवर,सुधा साहू,देवीचंद राठी,कलेक्टर प्रभात मलिक,जिला पंचायत सीईओ एस आलोक,एस डी एम उमेश साहू,महिला एवम बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडेय, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक सहित ग्रामीण एवम शहरी क्षेत्र की महिलाएं मौजूद थी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news