महासमुन्द

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: आज विवाह बंधन में बंध रहीं 160 बेटियां
12-Mar-2024 4:21 PM
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: आज विवाह बंधन में बंध रहीं 160 बेटियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 मार्च। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में आज महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुंद गरीब परिवार की 160 बेटियों की ब्याह कर रही है। इसके लिए महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित संजय कानन में पंडाल लगाए गए हैं। बीच मैदान में पेड़ों के नीचे 160 वेदियां बनाई गई हैं। दूूल्हे और दुल्हन समेत उनके परिवारजन भी यहां पहुंचे हुए हैं। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी समीर पाण्डेय ने बताया कि आज प्रात: 11 बजे से सामूहिक विवाह कार्यक्रम शुरू हुआ है। देर शाम तक यह आयोजन जारी रहेगा। आयोजन स्थल पर एक मंच बनाया गया है जहां गायत्री के उपासक मंत्रोच्चार कर रहे हैं। आयोजन में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों के लिए भोजन पानी की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े हैं। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा कर रहे हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सांसद चुन्नीलाल साहू हैं। इनके अलावा विधायक बसना सम्पत अग्रवाल, विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव, विधायक सरायपाली चातुरी नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, सभापति महिला एवं बाल विकास बसंता ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी, पूर्व विधायक डा.विमल चोपड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिकग इस विवाह के गवाह बने हुए हैं।

मालूम हो कि राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी करवाने के लिए राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपए का अनुदान सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य गरीब परिवार को लडक़ी की शादी करने में किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े और उसे किसी अन्य व्यक्ति पर पूर्ण रूप से निर्भर न रहना पड़े।

महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सभी तैयारी हुई है। प्रति जोड़ा 50 हजार रुपए का व्यय किया गया है। इसमें प्रत्येक कन्या को 21 हजार रुपए उनके बैंक खाते या बैंक ड्राफ्ट के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा 15 हजार रुपए की राशि के उपहार भी दिये जायेंगे। विवाह आयोजन व्यवस्था और परिवहन पर प्रति कन्या 8 हजार रुपए, इसके साथ विवाह के मौके पर वर-वधु के कपड़े, श्रृंगार सामग्री पर 6 हजार रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सबसे पहले यहां आने वाले वर-वधुओं तथा उनके परिवारजनों का पंजीयन किया गया। बाद में वर वधुओं को तैयार किया जाकर वेदी के पास लाया गया है। 

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार, मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजनांतर्गत कार्डधारी परिवारों की 18 वर्ष से अधिक आयु की अधिकतम दो कन्याओं को योजनांतर्गत लाभ दिया जाता है। इस योजनांतर्गत प्रत्येक कन्या के विवाह हेतु अधिकतम 50 हजार रुपए व्यय किए जाने का प्रावधान है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news